नई दिल्ली : केंद्र सरकार ने सोमवार को संसद में बताया कि, देश में वर्तमान में कितने प्रतिशत वाहन E20 ईंधन के लिए पूरी तरह अनुकूल हैं, इसका अब तक कोई आकलन नहीं किया गया है। E20 ईंधन के साथ पूरी तरह संगत वाहनों के प्रतिशत को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने कहा कि, ऐसा कोई आकलन नहीं किया गया है। उन्होंने बताया कि, भारी उद्योग मंत्रालय (MHI) ने भी इस तरह का कोई मूल्यांकन नहीं किया है।
वैज्ञानिक और चरणबद्ध प्रक्रिया के तहत लागू हुआ E20 कार्यक्रम
सरकार ने कहा कि, एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल (EBP) कार्यक्रम को चरणबद्ध, वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित और परामर्श आधारित प्रक्रिया के तहत लागू किया गया है। इसमें नीति आयोग, वाहन निर्माता कंपनियां, तेल विपणन कंपनियां (OMCs), ऑटोमोटिव रिसर्च एसोसिएशन ऑफ इंडिया (ARAI), सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (SIAM), इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ पेट्रोलियम (IIP) और अन्य तकनीकी संस्थान शामिल रहे हैं।सरकार के अनुसार, ARAI, SIAM, IOCL, IIP और वाहन निर्माताओं द्वारा इंजन की टिकाऊ क्षमता, ड्राइविंग प्रदर्शन, स्टार्ट होने की क्षमता, जंगरोधी क्षमता, सामग्री अनुकूलता, उत्सर्जन और ईंधन दक्षता से जुड़े व्यापक प्रयोगशाला अध्ययन और फील्ड ट्रायल किए गए हैं।इन परीक्षणों के आधार पर सरकार ने कहा कि निर्धारित मानकों के तहत E20 ईंधन का इस्तेमाल सुरक्षित है।
पुराने वाहनों में भी बड़े स्तर पर खराबी का कोई प्रमाण नहीं
सरकार ने कहा कि अध्ययनों में यह सामने आया है कि पुराने वाहनों में E20 के कारण प्रदर्शन में कोई महत्वपूर्ण बदलाव या असामान्य टूट-फूट नहीं देखी गई है।जवाब के अनुसार, E15+ पेट्रोल का इस्तेमाल साढ़े तीन वर्षों से अधिक समय से व्यापक रूप से हो रहा है, जबकि E19-E20 ईंधन का उपयोग ढाई वर्षों से अधिक समय से किया जा रहा है।इस दौरान 20 करोड़ से अधिक दोपहिया वाहन और 3 करोड़ से अधिक पेट्रोल कारें इन ईंधन मिश्रणों पर चल चुकी हैं। सरकार के अनुसार, अब तक एथेनॉल मिश्रण के कारण बड़े पैमाने पर इंजन फेल होने या वाहनों के खराब होने का कोई सत्यापित प्रमाण नहीं मिला है।
E20 से वाहन की उम्र या जंग पर असर नहीं: सरकार
सरकार ने कहा कि वाहन निर्माताओं के सर्विस डेटा में E20 ईंधन के कारण असामान्य जंग, अत्यधिक टूट-फूट या वाहन की उम्र कम होने का कोई प्रमाण नहीं मिला है। वाहन निर्माता E20 का इस्तेमाल करने वाले वाहनों के लिए अपनी वारंटी संबंधी जिम्मेदारियां भी निभा रहे हैं।
कुछ वाहनों में माइलेज 3 से 5 प्रतिशत तक घटने का दावा
ईंधन दक्षता को लेकर सरकार ने कहा कि, E10 पेट्रोल के लिए मूल रूप से डिजाइन किए गए कुछ वाहनों में माइलेज में कमी सामान्यतः 3 से 5 प्रतिशत तक सीमित हो सकती है।हालांकि, सरकार के अनुसार E20 ईंधन में ऑक्टेन रेटिंग अधिक होती है, जिससे बेहतर दहन, बेहतर त्वरण और कम उत्सर्जन जैसे लाभ मिल सकते हैं।
करोड़ों वाहनों के डेटा का हवाला
सरकार ने उद्योग के आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि, एक प्रमुख वाहन निर्माता ने वित्त वर्ष 2025-26 में 2.84 करोड़ वाहनों की सर्विस की। इनमें करीब 1.5 करोड़ वाहन ऐसे थे, जिन्हें मूल रूप से E20 के लिए प्रमाणित नहीं किया गया था। कंपनी ने E20 से जुड़ी जंग, असामान्य टूट-फूट या वाहन के कलपुर्जों की उम्र कम होने की कोई समस्या दर्ज नहीं की।एक अन्य वाहन निर्माता ने लंबे समय तक 1.4 करोड़ E20 ईंधन पर चलने वाले वाहनों की निगरानी की और वहां भी एथेनॉल के कारण जंग लगने का कोई प्रमाण नहीं मिला।


















