मुजफ्फरपुर : गन्ना उत्पादक किसानों को अब एक अलग डिजिटल पहचान (डिजिटल आईडी) दी जाएगी। गन्ना विकास विभाग ने इस दिशा में तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस डिजिटल आईडी के माध्यम से किसानों को विभाग की विभिन्न योजनाओं से जोड़ा जाएगा, जिसके लिए एक नई वेबसाइट भी विकसित की गई है। इसके लागू होने के बाद जिले सहित प्रदेश के बड़ी संख्या में गन्ना किसानों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
विभाग के अनुसार, डिजिटल आईडी बनने के बाद किसानों को अधिकांश कार्यों के लिए चीनी मिलों के कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। किसान घर बैठे ही विभागीय योजनाओं के लिए आवेदन कर सकेंगे। गन्ना पेराई के लिए चालान बुक करने से लेकर चीनी मिलों को आपूर्ति किए गए गन्ने की कीमत का भुगतान भी सीधे उनके बैंक खाते में प्राप्त होगा।प्रदेश के गन्ना आयुक्त अनिल कुमार झा ने सभी गन्ना उत्पादक जिलों के गन्ना विकास विभाग के अधिकारियों को पत्र भेजकर किसानों के बीच डिजिटल आईडी के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।
प्रत्येक किसान को मिलेगा विशेष पहचान नंबर
सहायक ईख आयुक्त मुजफ्फरपुर रेमन्त झा ने बताया कि गन्ना किसानों की यह डिजिटल आईडी सामान्य किसानों की डिजिटल पहचान से अलग होगी। प्रत्येक किसान को एक विशेष पहचान नंबर दिया जाएगा, जिसमें संबंधित चीनी मिल, बैंक खाते और किसान के फ्री होल्ड या रिजर्व एरिया से जुड़ी जानकारी दर्ज रहेगी।
इस पहचान नंबर के माध्यम से किसान घर बैठे चालान के लिए आवेदन कर सकेंगे। सहकारी समितियों से जुड़े किसानों को ऋण संबंधी कार्यों के लिए भी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने होंगे। चालान मिलने के बाद गन्ना आपूर्ति की तिथि भी ऑनलाइन बुक की जा सकेगी। गन्ने का भुगतान डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से सीधे पंजीकृत बैंक खाते में किया जाएगा। विभाग ने बताया कि इस डिजिटल पहचान नंबर वाले किसानों को नर्सरी स्थापना, आधार बीज उत्पादन और अन्य गन्ना विकास योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाएगा।


















