बिहार : रैयाम चीनी मिल शुरू होने से मिथिलांचल में फिर बढ़ेगी गन्ना खेती, सरकारी योजनाओं के लिए गन्ना आईडी रजिस्ट्रेशन अनिवार्य

दरभंगा: मिथिलांचल के जिन क्षेत्रों में कभी बड़े पैमाने पर गन्ने की खेती होती थी, वहां अब एक बार फिर गन्ना उत्पादन बढ़ने की उम्मीद जगी है। चीनी मिलों के बंद होने और बाजार की कमी के कारण किसानों ने धीरे-धीरे गन्ने की खेती छोड़ दी थी, लेकिन अब दरभंगा जिले की रैयाम चीनी मिल को दोबारा शुरू करने की प्रक्रिया तेज होने के साथ किसानों को गन्ना खेती के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। गन्ना विभाग ने किसानों का गन्ना आईडी रजिस्ट्रेशन अभियान शुरू किया है, ताकि मिल के चालू होते ही किसानों को समय पर भुगतान और सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।

गन्ना उत्पादन बढ़ाने के लिए किसानों से संपर्क

ChiniMandi WhatsApp Channel

दरभंगा के सहायक निदेशक (गन्ना) अमित कुमार ने ‘न्यूज़ 18 हिंदी’ को बताया कि, रैयाम चीनी मिल और आसपास के क्षेत्रों में गन्ना उत्पादन बढ़ाने के लिए विभाग लगातार किसानों से संपर्क कर रहा है। उन्होंने कहा कि, मिल के संचालन की दिशा में तेजी से काम चल रहा है और इसी को ध्यान में रखते हुए किसानों को अभी से गन्ना आईडी से जोड़ा जा रहा है।

क्या है गन्ना आईडी और क्यों है जरूरी?

अमित कुमार के अनुसार, गन्ना आईडी बनवाना प्रत्येक गन्ना किसान के लिए आवश्यक है। जिन किसानों के पास गन्ना आईडी होगी, उन्हें ही गन्ना विभाग द्वारा संचालित सभी सरकारी योजनाओं का लाभ मिलेगा। इसके तहत समय पर बीज, खाद, अनुदान और गन्ने के भुगतान जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने बताया कि, गन्ना आईडी बनवाने की प्रक्रिया पूरी तरह निशुल्क और सरल है।

ऐसे करें गन्ना आईडी रजिस्ट्रेशन

ऑनलाइन प्रक्रिया

किसान गन्ना विभाग की आधिकारिक वेबसाइट ccs.gov.in पर जाकर रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन विकल्प चुनने के बाद 13 अंकों का डीबीटी आईडी (DBT ID) दर्ज करना होगा। इसके बाद किसान की जानकारी स्क्रीन पर दिखाई देगी, जिसे सत्यापित कर सबमिट करने पर गन्ना आईडी बन जाएगी।

ऑफलाइन प्रक्रिया

यदि ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन में कठिनाई हो, तो किसान अपने प्रखंड कृषि कार्यालय में जाकर ब्लॉक कृषि पदाधिकारी के माध्यम से भी गन्ना आईडी बनवा सकते हैं।

किसानों से जल्द रजिस्ट्रेशन कराने की अपील

रैयाम चीनी मिल के पुनः संचालन से मिथिलांचल के हजारों किसानों की आय बढ़ने की संभावना है। गन्ना विभाग ने सभी गन्ना किसानों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द अपना गन्ना आईडी रजिस्ट्रेशन करा लें, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे उनके बैंक खातों तक पहुंच सके और क्षेत्र में एक बार फिर गन्ने की खेती को नई गति मिल सके।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here