नई दिल्ली: संसद के मौजूदा सत्र के दौरान लोकसभा में यह प्रश्न उठाया गया कि, क्या प्रधानमंत्री किसान संपदा योजना (पीएमकेएसवाई) के तहत मुजफ्फरनगर और बिजनौर जिलों में गुड़, सिरका और तरल गुड़ जैसे गन्ना उप-उत्पादों के लिए विशेष एग्रो प्रोसेसिंग क्लस्टर स्थापित करने का कोई नया बजटीय प्रस्ताव है।केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान ने लिखित उत्तर में बताया कि, खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय वर्ष 2017 से प्रधानमंत्री किसान संपदा योजना के अंतर्गत एग्रो प्रोसेसिंग क्लस्टर (एपीसी) अवसंरचना सृजन योजना लागू कर रहा है।
इस योजना का उद्देश्य क्लस्टर आधारित आधुनिक खाद्य प्रसंस्करण अवसंरचना विकसित करना, कटाई के बाद होने वाले नुकसान को कम करना, कृषि उत्पादों में मूल्य संवर्धन करना, किसानों की आय बढ़ाना और रोजगार के अवसर सृजित करना है।योजना के तहत सामान्य क्षेत्रों में पात्र परियोजना लागत का 35 प्रतिशत तथा पूर्वोत्तर राज्यों, सिक्किम, हिमालयी राज्यों, अधिसूचित आईटीडीपी क्षेत्रों और द्वीप क्षेत्रों में 50 प्रतिशत तक अनुदान दिया जाता है। अधिकतम सहायता राशि 10 करोड़ रुपये निर्धारित है।
मंत्री ने स्पष्ट किया कि एपीसी योजना जिला, राज्य या उत्पाद विशेष नहीं है, बल्कि यह मांग आधारित योजना है। मंत्रालय समय-समय पर इच्छुक निवेशकों और उद्यमियों से एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (ईओआई) आमंत्रित करता है और उपलब्ध धनराशि के आधार पर परियोजनाओं का चयन किया जाता है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर और बिजनौर जिलों में एपीसी योजना के तहत कोई परियोजना स्वीकृत नहीं की गई है।
खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय स्वयं खाद्य परीक्षण प्रयोगशालाएं स्थापित नहीं करता, बल्कि फूड सेफ्टी एंड क्वालिटी एश्योरेंस इंफ्रास्ट्रक्चर (एफएसक्यूएआई) योजना के तहत वित्तीय सहायता प्रदान करता है। यह योजना भी मांग आधारित है और देशभर से ईओआई के माध्यम से प्रस्ताव आमंत्रित किए जाते हैं। स्थान का चयन पूर्व निर्धारित नहीं होता, बल्कि पात्रता, तकनीकी और वित्तीय व्यवहार्यता तथा प्रस्ताव की गुणवत्ता के आधार पर किया जाता है। मंत्री ने बताया कि, मुजफ्फरनगर और बिजनौर में फूड टेस्टिंग लैब स्थापित करने का कोई प्रस्ताव वर्तमान में लंबित नहीं है।
पीएमएफएमई योजना में गुड़ को मिला ‘ओडीओपी’ दर्जा
प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम औपचारिककरण (पीएमएफएमई) योजना के तहत मुजफ्फरनगर और बिजनौर दोनों जिलों में गुड़ को ‘एक जिला एक उत्पाद’ (ओडीओपी) के रूप में चिन्हित किया गया है। यह योजना संबंधित राज्य सरकारों और केंद्र शासित प्रदेशों के माध्यम से लागू होती है। आवश्यक सुविधाओं की पहचान और सिफारिश राज्य सरकारें स्थानीय आवश्यकताओं के आधार पर करती हैं। मंत्री ने कहा कि मुजफ्फरनगर और बिजनौर में आधुनिक परीक्षण प्रयोगशालाएं या क्यूरेशन सेंटर स्थापित करने का कोई विशेष प्रस्ताव मंत्रालय को प्राप्त नहीं हुआ है।
ऑपरेशन ग्रीन्स में गन्ना उप-उत्पाद शामिल नहीं
प्रधानमंत्री किसान संपदा योजना के अंतर्गत संचालित ऑपरेशन ग्रीन्स योजना में 10 फल फसलों, 11 सब्जी फसलों और झींगा उत्पादन क्लस्टरों के लिए मूल्य श्रृंखला विकास परियोजनाओं पर सामान्य क्षेत्रों में 35 प्रतिशत और कठिन क्षेत्रों में 50 प्रतिशत तक वित्तीय सहायता दी जाती है। मंत्री ने स्पष्ट किया कि गन्ना उप-उत्पाद इस योजना के दायरे में शामिल नहीं हैं, इसलिए इनके लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध नहीं है। साथ ही केवल स्टैंडअलोन कोल्ड स्टोरेज स्थापित करने के लिए भी इस योजना में सहायता का प्रावधान नहीं है। हालांकि, पीएमकेएसवाई की विभिन्न योजनाओं के तहत स्वीकृत परियोजनाओं को ऊर्जा दक्ष प्रणालियों और सौर ऊर्जा संयंत्रों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है।
उत्तर प्रदेश में 64,877 लोगों को मिला रोजगार
मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान संपदा योजना की सभी योजनाएं मांग आधारित हैं और आवेदन ईओआई के माध्यम से आमंत्रित किए जाते हैं। मंत्रालय लोकसभा क्षेत्र या ब्लॉक स्तर पर रोजगार संबंधी अलग-अलग आंकड़े नहीं रखता।उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में पीएमकेएसवाई के तहत 103 खाद्य प्रसंस्करण परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं, जिनमें से 83 परियोजनाएं पूरी होकर संचालित हो रही हैं। इन परियोजनाओं के माध्यम से 30 जून 2026 तक 64,877 लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया गया है।


















