केन्या : चीनी कंपनी ने सरकार से घरेलू उत्पादन के अनुरूप आयात नीति बनाने की मांग की

नैरोबी: केन्या की प्रमुख चीनी उत्पादक कंपनी वेस्ट केन्या शुगर कंपनी ने संसद से ऐसी नीति बनाने की मांग की है, जिसमें चीनी आयात को देश के घरेलू उत्पादन से जोड़ा जाए। कंपनी का कहना है कि, जैसे-जैसे स्थानीय चीनी उत्पादन बढ़े, वैसे-वैसे आयात में कमी की जानी चाहिए, ताकि किसानों, चीनी मिलों और ग्रामीण आजीविका की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

कंपनी ने नेशनल असेंबली की व्यापार, उद्योग और सहकारिता संबंधी विभागीय समिति को सौंपे गए ज्ञापन में कहा कि, सरकार ने घरेलू उत्पादन बढ़ने के साथ चरणबद्ध तरीके से चीनी आयात कम करने की प्रतिबद्धता जताई थी, लेकिन उसका प्रभावी क्रियान्वयन अभी तक नहीं हुआ है। कंपनी के अनुसार, 2026 की पहली छमाही में केन्या का चीनी उत्पादन पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 35 प्रतिशत बढ़ा, जबकि इसी अवधि में चीनी आयात केवल 10 प्रतिशत घटा।

ChiniMandi WhatsApp Channel

वेस्ट केन्या शुगर ने कहा, वास्तविक आपूर्ति संकट वाले वर्षों, जैसे 2025 में, आयात आवश्यक हो सकता है। लेकिन जैसे ही घरेलू उत्पादन में सुधार हो, आयात घटा दिया जाना चाहिए, ताकि बाजार में अधिक आपूर्ति की स्थिति पैदा न हो।कंपनी ने चेतावनी दी कि, स्थानीय उत्पादन बढ़ने के बावजूद अत्यधिक आयात जारी रहने से गन्ना खेती कमजोर पड़ सकती है, किसानों के भुगतान में देरी हो सकती है, चीनी मिलों की उत्पादन क्षमता का उपयोग घट सकता है, रोजगार पर असर पड़ सकता है और देश की दीर्घकालिक खाद्य सुरक्षा भी प्रभावित हो सकती है।

कंपनी ने सरकार से आग्रह किया कि, चीनी आयात को आपूर्ति की कमी दूर करने के लिए अस्थायी उपाय के रूप में देखा जाए, न कि बाजार की स्थायी व्यवस्था के रूप में। साथ ही घरेलू चीनी उत्पादन को मजबूत करने के प्रयास जारी रखे जाएं। वेस्ट केन्या शुगर ने नियामकीय निगरानी को लेकर भी चिंता जताई। कंपनी का कहना है कि आयातित चीनी की निगरानी स्थानीय स्तर पर उत्पादित चीनी की तुलना में कम होती है। स्थानीय चीनी मिलों का नियमित निरीक्षण, प्रमाणन और ऑडिट केन्या ब्यूरो ऑफ स्टैंडर्ड्स (KEBS) सहित विभिन्न नियामक संस्थाओं द्वारा किया जाता है, जबकि आयातित चीनी की जांच मुख्य रूप से बंदरगाहों पर ही होती है और वितरण के बाद उसकी निगरानी सीमित रहती है।

कंपनी ने यह भी सिफारिश की कि गन्ना पेराई के चरम मौसम के दौरान बड़े पैमाने पर चीनी आयात की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए, क्योंकि उस समय स्थानीय चीनी मिलों के पास बाजार की मांग पूरी करने के लिए पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध होता है। साथ ही, कंपनी ने सूखा, रोग प्रकोप या किसी बड़ी चीनी मिल के बंद होने जैसी असाधारण परिस्थितियों में आपूर्ति बनाए रखने के लिए आपातकालीन आयात व्यवस्था को बनाए रखने का समर्थन भी किया।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here