अस्ताना : कजाखस्तान सरकार ने चीनी आयात पर अत्यधिक निर्भरता कम करने और घरेलू चीनी उत्पादन बढ़ाने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण उपाय प्रस्तावित किए हैं। हाल ही में किए गए विश्लेषण में पाया गया कि, 2025 में देश की कुल चीनी खपत का 70.4 प्रतिशत हिस्सा आयातित चीनी से पूरा हुआ, जबकि स्थानीय कच्चे माल से उत्पादित चीनी केवल 29.6 प्रतिशत मांग ही पूरी कर सकी। प्रतिस्पर्धा संरक्षण एवं विकास एजेंसी के अनुसार, यह आंकड़ा सरकार की 2022-2026 चीनी उद्योग विकास समग्र योजना में निर्धारित 68 प्रतिशत घरेलू आत्मनिर्भरता के लक्ष्य से काफी कम है।
एजेंसी ने बताया कि, चुकंदर (शुगर बीट) की खेती, उत्पादन, प्रसंस्करण और घरेलू आत्मनिर्भरता से जुड़े अधिकांश लक्ष्य पूरे नहीं हो सके। यहां तक कि 2024 में रिकॉर्ड चुकंदर उत्पादन होने के बावजूद देश की प्रसंस्करण क्षमता का पूरा उपयोग नहीं हो पाया, क्योंकि अधिकांश चीनी मिलें अब भी आयातित गन्ना चीनी पर आधारित हैं।एजेंसी ने कहा कि, यह स्थिति घरेलू कच्चे माल के आधार और प्रसंस्करण क्षमता के विकास के बीच लगातार बने असंतुलन को दर्शाती है।
घरेलू उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रस्तावित प्रमुख कदम
कजाखस्तान ने चीनी क्षेत्र को मजबूत करने के लिए कई उपाय सुझाए हैं। इनमें घरेलू स्तर पर शुगर बीट बीज उत्पादन कार्यक्रम, चुकंदर की खेती का विस्तार, प्रसंस्करण क्षमता बढ़ाना, तथा चीनी मिलों और किसानों के बीच दीर्घकालिक खरीद समझौते शामिल हैं, ताकि स्थानीय कच्चे माल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।एजेंसी ने घरेलू चीनी उत्पादन को चरणबद्ध तरीके से बढ़ाने, आयात में कमी लाने, और स्थानीय स्तर पर उत्पादित चीनी एवं चीनी युक्त उत्पादों के लिए बाजार सुनिश्चित करने की भी सिफारिश की है।
डंपिंग पर नियंत्रण और आयात प्रतिबंध पर विचार
प्रस्तावों में डंपिंग विरोधी उपायों को मजबूत करने और उन अवधियों के दौरान सड़क मार्ग से होने वाले चीनी आयात पर प्रतिबंध लगाने पर विचार करने की सिफारिश भी की गई है, जब देश की चीनी मिलें स्थानीय स्तर पर उत्पादित शुगर बीट का प्रसंस्करण कर रही हों। इसके अलावा, एजेंसी ने चीनी बाजार में नियमित मांग-आपूर्ति संतुलन तैयार करने, कमोडिटी एक्सचेंजों पर चीनी कारोबार की निगरानी मजबूत करने, तथा चीनी को एक्सचेंज में कारोबार होने वाली वस्तुओं की सूची से हटाने की संभावना पर भी विचार करने की सलाह दी है, हालांकि घरेलू और आयातित चीनी के लिए समान प्रतिस्पर्धी परिस्थितियां बनाए रखने की बात भी कही गई है।
आयातित चीनी के पुनः निर्यात पर चिंता
बाजार समीक्षा में यह भी पाया गया कि कुछ घरेलू कंपनियों द्वारा उत्पादन बढ़ाने के बावजूद कमोडिटी एक्सचेंजों के माध्यम से बिक्री में समान वृद्धि नहीं हुई। एजेंसी ने ऐसे मामलों की भी पहचान की, जिनमें आयातित चीनी को बाद में तीसरे देशों में पुनः निर्यात (री-एक्सपोर्ट) किया गया। इस पर कड़ी निगरानी रखने की आवश्यकता बताई गई है।
16% वैट से मिलों पर वित्तीय दबाव
एजेंसी ने कजाखस्तान की नई कर संहिता के तहत आयातित कच्ची चीनी पर लगाए गए 16 प्रतिशत वैट को लेकर भी चिंता जताई है। उसके अनुसार, इस कर के कारण चीनी मिलों की बड़ी राशि तीन से छह महीने तक फंसी रह सकती है, जिससे वित्तीय दबाव बढ़ेगा और घरेलू चीनी उत्पादन बढ़ाने के प्रयास प्रभावित हो सकते हैं।
निगरानी और चीन के साथ सहयोग
सिफारिशों में 2022-2026 चीनी उद्योग विकास योजना के क्रियान्वयन की नियमित निगरानी, तथा कजाकिस्तान से चीन को शुगर बीट पल्प के निर्यात के लिए दोनों देशों के बीच स्वच्छता और पादप स्वच्छता (सैनिटरी एवं फाइटोसैनिटरी) मानकों पर समझौते को आगे बढ़ाने का सुझाव भी शामिल है। बाजार विश्लेषण के बाद एजेंसी ने थोक चीनी विक्रेताओं को प्रतिस्पर्धा-विरोधी कानूनों के संभावित उल्लंघन के मामले में नौ नोटिस जारी किए हैं।सरकार का मानना है कि ये प्रस्ताव कजाखस्तान के चीनी बाजार में प्रतिस्पर्धा बढ़ाने और घरेलू चीनी उद्योग को मजबूत करने के लिए एक रोडमैप का आधार बन सकते हैं।


















