ढाका : सरकार ने बंद पड़ी सरकारी चीनी मिलों को दोबारा शुरू करने की दिशा में पहल शुरू कर दी है। इसका उद्देश्य चीनी उत्पादन बढ़ाना, रोजगार के अवसर पैदा करना और स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति देना है। यह जानकारी बांग्लादेश शुगर एंड फूड इंडस्ट्रीज कॉरपोरेशन (BSFIC) के चेयरमैन एडवोकेट एमडी शमचुज्जामान सुरोज ने दी। बांग्लादेश संगबाद संस्था (BSS) के अनुसार, BSFIC मुख्यालय में एक विशेष साक्षात्कार के दौरान उन्होंने सरकार की योजनाओं की जानकारी दी।
बंद चीनी मिलों को चरणबद्ध तरीके से शुरू करने की योजना
BSFIC चेयरमैन ने कहा कि, प्रधानमंत्री तारिक रहमान के निर्देश के अनुसार किसी भी औद्योगिक प्रतिष्ठान को बंद नहीं रखा जाएगा। इसी दिशा में देश की सभी बंद सरकारी चीनी मिलों को चरणबद्ध तरीके से फिर से शुरू करने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि, बांग्लादेश की 15 सरकारी चीनी मिलों में से 6 मिलों में फिलहाल गन्ने की पेराई बंद है।
हालांकि, इन मिलों से जुड़े क्षेत्रों में गन्ने की खेती अभी भी जारी है। सरकार इन मिलों को धीरे-धीरे पूर्ण उत्पादन में वापस लाने की योजना पर काम कर रही है। इसके लिए निजी क्षेत्र के उद्यमियों को आवश्यक निवेश उपलब्ध कराने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। सुरोज ने कहा कि, सरकार का लक्ष्य सभी कारखानों को फिर से चालू करना है और BSFIC नए निवेश को आकर्षित करने के लिए काम कर रहा है।
लाखों किसानों को मिलेगा लाभ
BSFIC चेयरमैन के अनुसार, चीनी मिलों को फिर से शुरू करने से रोजगार बढ़ेगा, चीनी उत्पादन में वृद्धि होगी और आसपास के क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियां तेज होंगी। उन्होंने कहा कि सरकारी चीनी मिलें केवल चीनी उत्पादन के केंद्र नहीं हैं, बल्कि इनसे लाखों गन्ना किसानों की आजीविका जुड़ी हुई है। इन मिलों की ग्रामीण अर्थव्यवस्था और स्थानीय सामाजिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका है। मिलों की ओर से अस्पताल, शैक्षणिक संस्थान, सड़कें और अन्य बुनियादी ढांचे के विकास में योगदान दिया जाता है।
गन्ने की खोई से बिजली उत्पादन की योजना
सुरोज ने बताया कि सरकारी चीनी मिलों में ऊर्जा बचत की भी बड़ी संभावनाएं हैं। पहले सरकारी बिजली से कारखाने चलाने में लगभग 35 लाख टका प्रतिदिन खर्च होता था। अब मिलों में ही बिजली उत्पादन करके इस खर्च को कम करने की कोशिश की जा रही है। भविष्य में गन्ने की खोई (बैगास) से को-जनरेशन के जरिए बिजली उत्पादन करने और अतिरिक्त बिजली को राष्ट्रीय ग्रिड में भेजने की योजना है।
सरकारी चीनी मिलों के घाटे के कारण
सरकारी चीनी मिलों को होने वाले घाटे के बारे में BSFIC चेयरमैन ने कर्ज पर ब्याज और ‘ट्रेड गैप’ को प्रमुख कारण बताया। उन्होंने कहा कि निजी क्षेत्र की कंपनियों को कई बार ब्याज माफी जैसी सुविधाएं मिल जाती हैं, जबकि सरकारी चीनी मिलों को हमेशा समान लाभ नहीं मिल पाता। उन्होंने कहा कि इस संबंध में आवश्यक कदम उठाने के लिए सरकार के सामने मामला रखा जाएगा। सुरोज का दावा है कि कर्ज का ब्याज और शुल्क अलग कर दिया जाए तो BSFIC का वास्तविक परिचालन घाटा बहुत अधिक नहीं है।
सरकार को 213 करोड़ टका का भुगतान
BSFIC चेयरमैन के मुताबिक, पिछले वित्त वर्ष में निगम ने उत्पाद शुल्क, कर और वैट के रूप में सरकार को करीब 213 करोड़ टका का भुगतान किया। उन्होंने बताया कि निगम घाटे को कम करने के लिए गन्ने और अन्य कच्चे माल से नए सह-उत्पाद (बाय-प्रोडक्ट्स) तैयार करने की दिशा में भी काम कर रहा है।


















