घरेलू कीमतों में उछाल के बीच सरकार द्वारा 10 लाख टन कच्ची चीनी शुल्क मुक्त आयात संभव

नई दिल्ली: घरेलू बाजार में चीनी की बढ़ती कीमतों पर नियंत्रण पाने के लिए भारत करीब 10 लाख टन कच्ची चीनी का शुल्क मुक्त आयात कर सकता है।आपको बता दे की, इससे पहले भारत ने 2016-17 सीजन में कच्ची चीनी के आयात की अनुमति दी थी। बिजनेस स्टैण्डर्ड में प्रकाशित खबर के मुताबिक, घरेलू चीनी कीमतों में तेज बढ़ोतरी के बीच सरकार आपूर्ति बढ़ाने के लिए यह कदम उठाने की तैयारी में है। महाराष्ट्र में चीनी की बेंचमार्क एक्स-मिल कीमतें 5,400 से 5,560 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गई हैं। मार्च 2026 से कीमतों में लगातार तेजी देखी जा रही है और अब देश त्योहारी सीजन में प्रवेश कर रहा है, जब चीनी की खपत आमतौर पर बढ़ जाती है।

उत्पादन की तुलना में खपत अधिक

ChiniMandi WhatsApp Channel

चीनी की कीमतों में तेजी का मुख्य कारण चीनी मिलों के पास घटता स्टॉक माना जा रहा है। 1 अक्टूबर 2025 से शुरू हुए 2025-26 चीनी सीजन में घरेलू खपत उत्पादन की तुलना में अधिक रही है। कुछ उद्योग विशेषज्ञों का मानना है कि, जब देश में पहले से ही चीनी की संभावित कमी के संकेत मिल रहे थे, तब 15-20 लाख टन चीनी निर्यात की अनुमति देने का फैसला भी मौजूदा स्थिति के लिए जिम्मेदार है।केंद्र सरकार ने नवंबर 2025 में पहले 15 लाख टन चीनी निर्यात की अनुमति दी थी, जिसे बाद में बढ़ाकर 20 लाख टन कर दिया गया। उद्योग के अनुमान के अनुसार, निर्यात पर रोक लगाए जाने से पहले करीब 8 लाख टन चीनी का निर्यात हो चुका था। यह मात्रा लगभग उतनी ही है, जितनी मात्रा में अब कच्ची चीनी के आयात की अनुमति दिए जाने की उम्मीद है।

एक उद्योग अधिकारी के अनुसार, घटनाक्रम से संकेत मिलता है कि देश में चीनी की उपलब्धता का आकलन वास्तविक स्थिति से अधिक मजबूत माना गया था, जबकि घरेलू उत्पादन खपत की रफ्तार के साथ तालमेल नहीं बैठा पा रहा था।अधिकारी ने बताया कि, फरवरी 2026 में भी 5 लाख टन का अतिरिक्त निर्यात कोटा मंजूर किया गया था। उस समय तक गन्ना पेराई का सीजन शुरू हुए चार से पांच महीने बीत चुके थे और चीनी की उपलब्धता में कमी के संकेत दिखाई देने लगे थे।

मार्च से दिखने लगी थी आपूर्ति में कमी

उद्योग सूत्रों के अनुसार, आपूर्ति की समस्या मार्च में स्पष्ट रूप से सामने आने लगी थी।उस समय कई चीनी मिलों को अपना मासिक घरेलू बिक्री कोटा पूरा करने में कठिनाई हो रही थी। विशेषज्ञों का कहना है कि, उस समय बढ़ती कीमतों को आपूर्ति की कमी का संकेत माना जाना चाहिए था।उद्योग सूत्रों के मुताबिक, भारत ने इससे पहले 2016-17 चीनी सीजन में कच्ची चीनी के आयात की अनुमति दी थी।

मिलों को जल्द पेराई शुरू करने की सलाह

सरकारी सूत्रों के अनुसार, चीनी मिलों को जल्द पेराई शुरू करने की सलाह दी गई है, ताकि घरेलू बाजार में चीनी की उपलब्धता बनी रहे। हालांकि, इससे भी आपूर्ति और मांग के बीच का अंतर पूरी तरह खत्म होने की संभावना कम है।सरकार ने चीनी स्टॉक की रिपोर्टिंग और खुलासा व्यवस्था को भी सख्त किया है, ताकि उपलब्ध स्टॉक की वास्तविक स्थिति पर बेहतर नजर रखी जा सके।

आयात से कितनी गिरेंगी कीमतें?

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि 10 लाख टन चीनी के आयात से एक्स-मिल और थोक बाजार में कीमतों में कितनी कमी आएगी। उद्योग सूत्रों के मुताबिक, इसका असर सीमित रह सकता है। मौजूदा कीमतों की तुलना में चीनी की कीमतों में करीब 500 रुपये प्रति क्विंटल तक की गिरावट संभव है। हालांकि, चीनी मिलों के लिए इतनी गिरावट भी बहुत बड़ा झटका नहीं होगी। उद्योग के एक अधिकारी के अनुसार, कीमतें इसके बाद भी चीनी के अनुमानित उत्पादन लागत 4,200-4,300 रुपये प्रति क्विंटल से ऊपर रह सकती हैं। इससे मिलों को गन्ना किसानों का बकाया भुगतान तेजी से करने में मदद मिल सकती है।

न्यूयॉर्क में भी कच्ची चीनी के दाम बढ़े

भारत द्वारा करीब एक दशक बाद कच्ची चीनी आयात करने की खबरों के बाद वैश्विक बाजार में भी तेजी देखी गई। न्यूयॉर्क में वैश्विक बेंचमार्क कच्ची चीनी की कीमत बढ़कर 14 महीने के उच्च स्तर, करीब 17.47 सेंट प्रति पाउंड तक पहुंच गई। उद्योग सूत्रों के अनुसार, शून्य आयात शुल्क पर भारत में कच्ची चीनी की अनुमानित लैंडेड लागत करीब 3,840 रुपये प्रति क्विंटल पड़ेगी। मौजूदा घरेलू कीमतों को देखते हुए आयातकों के लिए इसमें अच्छा मार्जिन उपलब्ध हो सकता है।

#भारत #चीनी #कच्ची चीनी #चीनी आयात #शुल्क मुक्त आयात #चीनी कीमत #चीनी बाजार #चीनी मिल #गन्ना #गन्ना किसान #गन्ना उद्योग #चीनी उद्योग #चीनी स्टॉक #चीनी उत्पादन #चीनी खपत #चीनी निर्यात #एथेनॉल #महाराष्ट्र चीनी #चीनी सीजन #आयात निर्यात #कृषिउद्योग

Bioenergy Times

1 COMMENT

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here