नई दिल्ली: थोक औद्योगिक उपयोगकर्ताओं द्वारा रखे जाने वाले चीनी के स्टॉक को 15 दिनों की खपत तक सीमित करने के सरकार के फैसले का खाद्य प्रसंस्करण कंपनियों ने विरोध किया है। कंपनियों का कहना है कि इस कदम से उत्पादन प्रभावित हो सकता है, जबकि हाल में चीनी की कीमतों में हुई बढ़ोतरी का मुख्य कारण गन्ने को एथेनॉल उत्पादन की ओर मोड़ना है। यह जानकारी ‘फाइनेंशियल एक्सप्रेस’ की रिपोर्ट के हवाले से सामने आई है।सरकार ने गुरुवार को कहा कि, हर महीने 10 टन या उससे अधिक चीनी का इस्तेमाल करने वाले थोक उपभोक्ता 1 सितंबर से 30 नवंबर तक अपनी जरूरत के केवल 15 दिनों के बराबर चीनी का स्टॉक रख सकेंगे। सरकार का उद्देश्य बाजार में चीनी की उपलब्धता बढ़ाना और कीमतों पर नियंत्रण रखना है।
खाद्य कंपनियों के लिए बढ़ सकती हैं मुश्किलें
उद्योग जगत के अधिकारियों के अनुसार, खाद्य कंपनियां आमतौर पर कम से कम एक महीने की चीनी का स्टॉक अपने पास रखती हैं। ऐसे में स्टॉक की सीमा घटाकर 15 दिन करने से नियमित उत्पादन बनाए रखने में मुश्किलें आ सकती हैं।ऑल इंडिया फूड प्रोसेसर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष राघव जडली ने कहा कि यह फैसला उन खाद्य कंपनियों के लिए लाभकारी नहीं है, जो सिरप से लेकर जूस, सॉफ्ट ड्रिंक, बिस्किट और अन्य उत्पादों में चीनी का इस्तेमाल करती हैं। उनके अनुसार, कम से कम एक महीने का पर्याप्त स्टॉक रखना जरूरी है, क्योंकि 15 दिनों की सीमा से आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में निर्माता जोखिम में पड़ सकते हैं। इस संगठन में हल्दीराम्स, मैरिको, आईटीसी, पेप्सिको और डीएफएम फूड्स जैसी खाद्य कंपनियां शामिल हैं।
उपभोक्ता मामलों के विभाग की मूल्य निगरानी इकाई के अनुसार, गुरुवार को चीनी की औसत खुदरा कीमत 54.06 रुपये प्रति किलोग्राम रही। यह एक साल पहले की तुलना में 17% और एक महीने पहले की तुलना में 13% अधिक है।जडली ने कहा कि, इस फैसले का असर खाद्य कंपनियों के साथ-साथ उपभोक्ताओं पर भी पड़ सकता है। इससे आपूर्ति बाधित होने और बाजार में घबराहट के कारण जरूरत से ज्यादा खरीदारी का जोखिम बढ़ सकता है। उन्होंने कहा कि, चीनी खाद्य उद्योग के प्रमुख कच्चे माल में से एक है, इसलिए इसके स्टॉक पर सीमा लगाने से उत्पादन पर असर पड़ना स्वाभाविक है।
नियम लागू करने को लेकर भी सवाल
एक प्रमुख खाद्य कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर कहा कि सरकार के पास नई स्टॉक सीमा को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए जरूरी बुनियादी ढांचा है या नहीं, यह एक बड़ा सवाल है। उनके अनुसार, चीनी का स्टॉक अलग-अलग डीलरों और गोदामों में रखा जाता है, इसलिए जमीनी स्तर पर इसकी निगरानी करना मुश्किल होगा। इस अधिकारी ने कहा कि, सरकार को इसके बजाय गन्ने को एथेनॉल उत्पादन की ओर मोड़ने पर ध्यान देना चाहिए। इससे खाद्य और अन्य औद्योगिक उपयोगों के लिए उपलब्ध चीनी की मात्रा कम हो रही है।
2026-27 सीजन में शुरुआती स्टॉक कम रहने की आशंका
यह फैसला ऐसे समय आया है जब चीनी उद्योग को 2026-27 सीजन की शुरुआत में कम शुरुआती स्टॉक रहने की आशंका है। इंडियन शुगर एंड बायो-एनर्जी मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (ISMA) के अनुमान के अनुसार, शुरुआती स्टॉक लगभग 35-40 लाख टन रह सकता है, जबकि 1 अक्टूबर 2025 को यह करीब 50 लाख टन था। भारत में हर साल लगभग 2.8 करोड़ टन चीनी की खपत होती है। उद्योग जगत ने महाराष्ट्र और कर्नाटक के प्रमुख चीनी उत्पादक क्षेत्रों में गन्ने में समय से पहले फूल आने के कारण कम पैदावार को लेकर भी चिंता जताई है। सरकार ने पिछले महीने 1 अगस्त से 30 नवंबर तक चीनी डीलरों पर भी स्टॉक सीमा लागू की थी। इसका उद्देश्य जमाखोरी और सट्टेबाजी पर रोक लगाना था।
अब नए आदेश के तहत इन प्रतिबंधों का दायरा बड़े संस्थागत और औद्योगिक उपभोक्ताओं तक बढ़ा दिया गया है। इनमें कन्फेक्शनरी निर्माता, सॉफ्ट ड्रिंक कंपनियां, खाद्य प्रसंस्करण इकाइयां और मिठाई विक्रेता शामिल हैं। हालांकि, खाद्य उद्योग के प्रतिनिधियों का कहना है कि जो कंपनियां वैध उत्पादन के लिए चीनी का इस्तेमाल करती हैं, उन्हें इन नए प्रतिबंधों के कारण दंडित नहीं किया जाना चाहिए।


















