केन्या : केन्या सरकार ने चीनी मिलों को निर्देश दिया है कि गन्ने की आपूर्ति होने के सात दिनों के भीतर किसानों को भुगतान करना अनिवार्य होगा। निर्धारित समय में भुगतान नहीं करने वाली मिलों पर जुर्माना और देरी की अवधि के लिए ब्याज समेत अन्य कार्रवाई की जा सकती है। केन्या शुगर बोर्ड (KSB) ने कहा कि, इस कदम का उद्देश्य किसानों को भुगतान में होने वाली देरी को खत्म करना है। इससे पहले किसानों को गन्ने की आपूर्ति के बाद भुगतान के लिए कई सप्ताह या महीनों तक इंतजार करना पड़ता था।
गन्ने की तौल में होने वाली अनियमितताओं को रोकने के लिए KSB मोबाइल वेब्रिज खरीद रहा है। इनकी मदद से गन्ने की तौल का स्वतंत्र रूप से सत्यापन किया जा सकेगा और निगरानी व्यवस्था मजबूत होगी। KSB के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जूड चेशायर ने बताया कि कुछ किसानों को तौल में कथित गड़बड़ी के कारण प्रत्येक ट्रेलर में करीब तीन टन तक गन्ने का नुकसान होने की शिकायत मिली है। सरकार ने गन्ने की गुणवत्ता और उसमें मौजूद चीनी की मात्रा के आधार पर भुगतान व्यवस्था लागू करने की दिशा में गन्ना परीक्षण इकाइयों में भी निवेश किया है। यानी भविष्य में किसानों को केवल गन्ने के वजन के आधार पर नहीं, बल्कि उसकी गुणवत्ता और चीनी की मात्रा के आधार पर भुगतान किए जाने की व्यवस्था विकसित की जा रही है।
चीनी मिलों को 10 सितंबर 2026 तक स्पष्ट गन्ना कटाई व्यवस्था तैयार करने का निर्देश भी दिया गया है। इसका उद्देश्य गन्ने की कटाई, परिवहन और मिल तक पहुंचाने की प्रक्रिया को बेहतर बनाना है। सरकार का मानना है कि कटाई और परिवहन में देरी के कारण खेतों में तैयार गन्ने की गुणवत्ता खराब हो सकती है। नई व्यवस्था से इस तरह की देरी को कम करने में मदद मिलेगी। KSB के सीईओ जूड चेशायर के अनुसार, केन्या हर साल लगभग 30 अरब केन्याई शिलिंग सफेद रिफाइंड चीनी के आयात पर खर्च करता है। सरकार अब गन्ने के उत्पादन और उत्पादकता में बढ़ोतरी तथा चीनी रिफाइनिंग क्षमता का विस्तार करके इस खर्च का अधिक हिस्सा देश की अर्थव्यवस्था में बनाए रखना चाहती है। इसी दिशा में केन्या ने आयातित कच्ची चीनी को देश में ही रिफाइन करना शुरू कर दिया है, ताकि पूरी तरह तैयार रिफाइंड चीनी के आयात पर निर्भरता कम की जा सके।


















बहुत mehgi hui chchini