चीनी की कीमतों में बढ़ोतरी के पीछे जमाखोरी और कमजोर निगरानी जिम्मेदार, एथेनॉल नहीं: मंत्री हसन मुश्रीफ

कोल्हापुर: महाराष्ट्र के चिकित्सा शिक्षा मंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के नेता हसन मुश्रीफ ने शुक्रवार को चीनी की कीमतों में हालिया बढ़ोतरी के लिए बिक्री नियमों के कमजोर क्रियान्वयन और चीनी मिलों द्वारा की गई जमाखोरी को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि, एथेनॉल उत्पादन चीनी की कीमतों में बढ़ोतरी का कारण नहीं है। यह जानकारी द टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के हवाले से सामने आई है।

कुछ मिडिया रिपोर्ट के अनुसार, देश के प्रमुख शहरों में चीनी की कीमतें बढ़कर 75 से 80 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई थीं। केंद्र सरकार द्वारा 10 लाख टन चीनी के आयात की अनुमति देने और जमाखोरों के खिलाफ कार्रवाई की घोषणा के बाद कीमतों में कुछ कमी आई। हालांकि, चीनी की कीमत अभी भी करीब 60 रुपये प्रति किलोग्राम बनी हुई है, जो अगस्त की शुरुआत में दर्ज किए गए करीब 45 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर से काफी अधिक है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

मुश्रीफ ने कहा, चीनी की कीमतों में बढ़ोतरी कृत्रिम थी। गरीब और मध्यमवर्गीय उपभोक्ताओं को इसका खामियाजा भुगतना पड़ा, क्योंकि चीनी मिलों ने अपने मासिक बिक्री कोटे से अधिक चीनी बाजार में जारी की और इस पर पर्याप्त निगरानी नहीं रखी गई।”उन्होंने कहा कि, चीनी को आवश्यक वस्तु अधिनियम (Essential Commodities Act-ECA) के तहत नियंत्रित किया जाता है। मुश्रीफ ने आरोप लगाया कि, कुछ चीनी मिलों ने निर्धारित मासिक कोटे से अधिक चीनी का स्टॉक बाजार में जारी किया, जिसे उन्होंने अभूतपूर्व स्थिति बताया। मुश्रीफ के अनुसार, सरकार स्थिति को नियंत्रित करने में विफल रही, जिससे प्रभावी रूप से जमाखोरी को बढ़ावा मिला और इसके परिणामस्वरूप चीनी की कीमतों में और वृद्धि हुई।

एथेनॉल को बताया कीमत बढ़ने का कारण

चीनी को एथेनॉल उत्पादन की ओर मोड़ने के कारण कीमतों में बढ़ोतरी होने के दावों को खारिज करते हुए मुश्रीफ ने कहा कि, एथेनॉल बनाने के लिए चीनी की सीमित मात्रा का ही इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि, गन्ने के रस से सीधे एथेनॉल उत्पादन पर रोक और बी-हेवी शीरे (B-heavy molasses) के इस्तेमाल पर प्रतिबंध के कारण चीनी मिलें मुख्य रूप से सी-हेवी शीरे (C-heavy molasses) पर निर्भर हैं। मुश्रीफ ने कहा, यह सही नहीं है कि एथेनॉल के कारण चीनी की कीमतें बढ़ी हैं। एथेनॉल इस मामले में खलनायक नहीं है, जैसा कि कुछ नेताओं ने दावा किया है।उन्होंने चीनी की कीमतों में बढ़ोतरी के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान करने के लिए पूरी तरह से जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

अमित शाह का किया बचाव

मुश्रीफ ने किसान नेता राजू शेट्टी द्वारा केंद्रीय मंत्री अमित शाह की आलोचना का भी जवाब दिया। शेट्टी ने चीनी की कीमतों में बढ़ोतरी के लिए अमित शाह को जिम्मेदार ठहराया था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि, उत्तर भारत के राज्यों से बड़ी मात्रा में चीनी की तस्करी बांग्लादेश की गई है। मुश्रीफ ने कहा कि, महाराष्ट्र और गुजरात दोनों में सहकारिता क्षेत्र मजबूत है। उन्होंने कहा कि, अमित शाह का सहकारी बैंकिंग क्षेत्र से जुड़ाव रहा है और वे चीनी उद्योग को अच्छी तरह समझते हैं। मुश्रीफ ने कहा कि, चीनी की कीमतों में बढ़ोतरी के लिए अमित शाह को जिम्मेदार ठहराना उचित नहीं होगा।

Bioenergy Times

1 COMMENT

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here