जोहान्सबर्ग: सस्ते विदेशी चीनी की बढ़ती आवक से घरेलू गन्ना किसानों और चीनी मिलों को बचाने के लिए दक्षिण अफ्रीका आयातित चीनी पर शुल्क तय करने में इस्तेमाल होने वाले डॉलर-आधारित संदर्भ मूल्य (DBRP) को बढ़ाने की तैयारी कर रहा है। यह जानकारी फूड बिजनेस MEA की रिपोर्ट के हवाले से सामने आई है।रिपोर्ट के अनुसार, इस सप्ताह की शुरुआत में वित्त मंत्री एनोक गोडोंगवाना ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। इसके तहत संदर्भ मूल्य को मौजूदा 680 डॉलर प्रति टन से बढ़ाकर 785 डॉलर प्रति टन किया जाएगा। ब्लूमबर्ग के हवाले से प्रकाशित रिपोर्ट में कहा गया है कि, संशोधित संदर्भ मूल्य को जल्द ही सरकारी राजपत्र में प्रकाशित किए जाने की उम्मीद है।
2024 में चीनी उद्योग ने की थी मूल्य बढ़ाने की मांग
दक्षिण अफ्रीकी चीनी संघ (SASA) ने 2024 में संदर्भ मूल्य बढ़ाने की मांग की थी। इसके बाद इस प्रस्ताव की समीक्षा दक्षिण अफ्रीकी अंतरराष्ट्रीय व्यापार प्रशासन आयोग (ITAC) ने की और समीक्षा के बाद यह निर्णय लिया गया। SASA ने संदर्भ मूल्य को बढ़ाकर 905 डॉलर प्रति टन करने का प्रस्ताव दिया था। संगठन का तर्क था कि, मौजूदा मूल्य अब चीनी उद्योग की बढ़ी हुई उत्पादन लागत को प्रतिबिंबित नहीं करता। DBRP का इस्तेमाल उस स्थिति में आयातित चीनी पर शुल्क तय करने के संदर्भ स्तर के रूप में किया जाता है, जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में चीनी की कीमत निर्धारित सीमा से नीचे गिर जाती है। उद्योग के अनुसार, यह संदर्भ मूल्य 2018 से बड़े पैमाने पर अपरिवर्तित रहा है।
2026 में चीनी आयात में तेज बढ़ोतरी
दक्षिण अफ्रीका में इस साल चीनी के आयात में तेज बढ़ोतरी हुई है। जनवरी से मई 2026 के बीच 94,984 टन चीनी का आयात किया गया, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह आंकड़ा 55,213 टन था। बढ़ते आयात के घरेलू चीनी उद्योग पर पड़ रहे असर को संकट बताते हुए एसए गन्ना उत्पादक संघ के अध्यक्ष हिगिंस मडुली ने कहा कि, आयातित चीनी से गन्ना किसानों की आय, चीनी मिलों की आर्थिक व्यवहार्यता और ग्रामीण समुदाय प्रभावित हो रहे हैं।
आयात से किसानों और मिलों को भारी नुकसान
उद्योग के आंकड़ों के अनुसार, 2024-25 के सीजन में दक्षिणी अफ्रीकी सीमा शुल्क संघ (SACU) के बाहर से 2,13,322 टन चीनी का आयात किया गया। अनुमान है कि, इन आयातों के कारण गन्ना किसानों के राजस्व में करीब 1 अरब दक्षिण अफ्रीकी रैंड और चीनी मिलों के राजस्व में लगभग 50 करोड़ दक्षिण अफ्रीकी रैंड का नुकसान हुआ। एसए गन्ना उत्पादक संघ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी थॉमस फुंके ने बताया कि, शुल्क चुकाकर आयात की जाने वाली चीनी की मात्रा जनवरी-जून 2022 के दौरान 1,619 टन से बढ़कर जनवरी-जून 2026 में 1,24,594 टन हो गई।
घरेलू चीनी बिक्री में 35% की गिरावट
इसी अवधि में घरेलू चीनी बिक्री में भी गिरावट दर्ज की गई। तीन सीजन की अवधि में घरेलू बिक्री 35 प्रतिशत यानी करीब 1,88,000 टन कम हुई। उद्योग के अनुसार, मुख्य रूप से निर्यात से पैदा हुए दबाव के कारण गन्ना किसानों की आय में करीब 1.33 अरब दक्षिण अफ्रीकी रैंड की कमी आई है। सरकार के इस कदम का स्वागत करते हुए हिगिंस मडुली ने कहा कि उद्योग यह निगरानी करेगा कि बढ़े हुए संदर्भ मूल्य से आयातित चीनी की मात्रा में वास्तव में कितनी कमी आती है।
टैरिफ समीक्षा को प्राथमिकता
दक्षिण अफ्रीका के व्यापार, उद्योग और प्रतिस्पर्धा विभाग ने कहा कि, टैरिफ की समीक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है। हालांकि, विभाग ने स्पष्ट किया कि संशोधित संदर्भ मूल्य को सरकारी राजपत्र में प्रकाशित करने से पहले राष्ट्रीय कोषागार के साथ परामर्श किया जाना अभी बाकी है। घरेलू चीनी उत्पादकों, जिनमें एसोसिएटेड ब्रिटिश फूड्स पीएलसी की दक्षिण अफ्रीकी इकाई ने भी अधिक ऊंचे संदर्भ मूल्य की मांग की है। उद्योग सस्ती आयातित चीनी से घरेलू बाजार को अधिक सुरक्षा देने की मांग कर रहा है। सरकारी राजपत्र में अधिसूचना प्रकाशित होने के बाद संशोधित DBRP उस आधार के रूप में काम करेगा, जिसके तहत अंतरराष्ट्रीय चीनी कीमतें निर्धारित संदर्भ मूल्य से नीचे जाने पर आयात शुल्क बढ़ाया जा सकेगा। हालांकि, यह प्रक्रिया लागू टैरिफ नियमों के अधीन होगी।


















