तमिलनाडु : एथेनॉल प्लांट का विरोध तेज; पर्यावरण कार्यकर्ताओं ने 1 टीएमसी से अधिक पानी की खपत पर जताई चिंता

तिरुचिरापल्ली : करूर जिले में प्रस्तावित एथेनॉल निर्माण इकाई को लेकर पर्यावरण कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया है। कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को होने वाली सार्वजनिक सुनवाई रद्द करने की मांग की है। उनका कहना है कि, प्रस्तावित प्लांट में बड़ी मात्रा में पानी की जरूरत होगी, जिससे आसपास के जलस्रोतों और आर्द्रभूमि क्षेत्रों पर गंभीर असर पड़ सकता है।

प्रतिदिन कम से कम 37 लाख लीटर पानी की आवश्यकता

ChiniMandi WhatsApp Channel

पर्यावरण कार्यकर्ताओं के अनुसार, प्रस्तावित इकाई को प्रतिदिन कम से कम 37 लाख लीटर पानी की आवश्यकता होगी। सालाना आधार पर यह मात्रा 1 हजार मिलियन क्यूबिक फीट (टीएमसी) से अधिक बैठती है। कार्यकर्ताओं ने सोमवार को करूर के जिला कलेक्टर सी. मुथुकुमारन से मुलाकात कर सार्वजनिक सुनवाई रद्द करने की मांग वाला ज्ञापन सौंपा।

ग्राम सभा में भी प्रस्ताव का विरोध

विभिन्न पर्यावरण संगठनों के प्रतिनिधियों ने बताया कि, प्रस्तावित परियोजना को लेकर स्थानीय लोगों ने पहले ही 15 अगस्त को हुई ग्राम सभा में सर्वसम्मति से विरोध जताया था। ग्राम सभा में परियोजना के खिलाफ प्रस्ताव भी पारित किया गया था। ऐसे में सार्वजनिक सुनवाई आगे बढ़ाने की जरूरत पर कार्यकर्ताओं ने सवाल उठाए हैं। प्रस्तावित ग्रीन एनर्जी प्योर एथेनॉल प्राइवेट लिमिटेड की इकाई करूर जिले के कुलिथलाई और तिरुचि जिले के पेट्टावैथलाई के बीच कुमारमंगलम में करीब 35 एकड़ आर्द्रभूमि क्षेत्र में स्थापित करने की योजना है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि प्रतिदिन कम से कम 37 लाख लीटर पानी की अनुमानित जरूरत के कारण सालाना पानी की खपत 1 टीएमसी से अधिक हो सकती है। यह मात्रा लगभग उतनी ही है, जितनी कभी मायनूर बैराज में संग्रहित पानी की क्षमता बताई जाती थी।

कावेरी जल विवाद के बीच उठे सवाल

‘मूवमेंट अगेंस्ट इल्लीगल क्वेरीज’ के समन्वयक और अधिवक्ता एन. शनमुगम ने कहा कि, तमिलनाडु को कर्नाटक की कंपनी को राज्य से बड़ी मात्रा में पानी लेने की अनुमति देने के मामले में सावधानी बरतनी चाहिए। खासकर ऐसे समय में जब कावेरी नदी के पानी के बंटवारे को लेकर विवाद जारी है। उन्होंने आशंका जताई कि प्रस्तावित परियोजना से क्षेत्र के जलस्रोतों और आर्द्रभूमि पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। शनमुगम के अनुसार, क्षेत्र में पहले से ही पेयजल और सिंचाई की जरूरतें पूरी करने के लिए जल संसाधनों पर दबाव है। ऐसे में उद्योग के लिए इतनी बड़ी मात्रा में पानी आवंटित करने से स्थानीय जल संसाधनों पर दबाव और बढ़ सकता है।

कृषि और पर्यावरण पर असर की आशंका

शनमुगम ने कहा कि ग्राम सभा में परियोजना का विरोध होने के बावजूद सार्वजनिक सुनवाई आयोजित करना उचित ठहराना मुश्किल है। उन्होंने जिला प्रशासन से परियोजना के प्रस्ताव पर पुनर्विचार करने की मांग की है। कार्यकर्ताओं का तर्क है कि यदि यह इकाई स्थापित होकर संचालित होती है तो इससे क्षेत्र की कृषि, जल संसाधनों और स्थानीय पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। इसलिए परियोजना को मंजूरी देने से पहले पानी की उपलब्धता और पर्यावरणीय प्रभाव का गंभीरता से आकलन किया जाना चाहिए।

Bioenergy Times

1 COMMENT

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here