चंडीगढ़: हरियाणा सरकार ने वर्ष 2026-27 के लिए गन्ना उत्पादक किसानों को आधुनिक खेती की तकनीक अपनाने के लिए अनुदान देने की योजना शुरू की है। ‘जागरण’ में प्रकाशित खबर के अनुसार, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की ‘गन्ना तकनीकी उद्देश्य परियोजना’ के तहत प्रमुख गन्ना उत्पादक क्षेत्रों में प्रदर्शन प्लॉट लगाने वाले किसानों को आर्थिक सहायता दी जाएगी।इस योजना का लाभ यमुनानगर, नारायणगढ़, शाहाबाद, करनाल, असंध, भादसो, पानीपत, कैथल, रोहतक, सोनीपत, जींद, पलवल, भूना, गोहाना और महम क्षेत्रों के पात्र किसानों को मिलेगा।
इन आधुनिक तकनीकों पर मिलेगा अनुदान
अधिसूचित और अनुशंसित गन्ने की किस्मों की आधुनिक तकनीक से बुवाई करने वाले किसानों को योजना के तहत अनुदान दिया जाएगा। इसमें चार फीट चौड़ी कतार में बुवाई, सिंगल-बड तकनीक, बड-चिप विधि, फाउंडेशन सीड नर्सरी, बीज उपचार और चार फीट की दूरी पर पेड़ी प्रबंधन जैसी तकनीकें शामिल हैं।
कब तक कर सकते हैं आवेदन?
अप्रैल के बाद वसंत या ग्रीष्म ऋतु में गन्ने की बुवाई करने वाले किसान 30 सितंबर तक योजना के लिए आवेदन कर सकते हैं।वहीं, आगामी अक्टूबर-नवंबर में शरदकालीन गन्ने की बुवाई करने वाले किसानों के लिए आवेदन की अवधि 1 अक्टूबर से 31 दिसंबर तक निर्धारित की गई है। किसान योजना का लाभ लेने के लिए कृषि विभाग की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
कृषि मशीनरी पर भी मिलेगी सब्सिडी
हरियाणा सरकार गन्ने की खेती में मशीनीकरण को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न कृषि यंत्रों पर भी सब्सिडी देगी। इनमें गन्ना सेट ट्रीटमेंट डिवाइस, पावर वीडर, रैटून मैनेजर, रोटावेटर, ट्रैक्टर चालित स्प्रेयर, सब-सोइलर, गन्ना कटर, स्ट्रिपर, प्लांटर और मिनी ट्रैक्टर समेत कई उपकरण शामिल हैं। इन कृषि यंत्रों पर सब्सिडी के लिए भी किसान 30 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।सरकार का उद्देश्य आधुनिक तकनीकों और कृषि मशीनरी को बढ़ावा देकर गन्ने की खेती की उत्पादकता, गुणवत्ता और किसानों की आय में सुधार करना है।


















