सोलापुर : गन्ना किसानों ने मांग की है कि, सोलापुर संभाग के प्रादेशिक सहसंचालक (चीनी) बकाया भुगतान करने में विफल चीनी मिलों के 2026-27 सीजन के गन्ना पेराई (क्रशिंग) लाइसेंस रोकें। अॅग्रोवन की रिपोर्ट के अनुसार, शेतकरी संघर्ष समिति ने उन सभी चीनी मिलों के खिलाफ यह कार्रवाई करने की मांग की है, जिनके विरुद्ध गन्ना बकाया भुगतान नहीं करने के कारण राजस्व वसूली प्रमाणपत्र (RRC) की कार्रवाई हो चुकी है या जिसकी सिफारिश की गई है। किसान संघर्ष समिति के समन्वयक दिलीप जोशी सहित अन्य पदाधिकारियों ने चीनी आयुक्त (पुणे) को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा। समिति ने चेतावनी दी है कि, यदि उनकी मांगों पर तत्काल ध्यान नहीं दिया गया तो किसानों की ओर से जोरदार आंदोलन किया जाएगा।
गन्ना किसानों और श्रमिकों का भुगतान बकाया
सोलापुर क्षेत्र की कई चीनी मिलों ने 2024-25 और 2025-26 सीजन के गन्ना आपूर्तिकर्ता किसानों का बकाया भुगतान अब तक नहीं किया है। इसके अलावा गन्ना कटाई और परिवहन श्रमिकों के भी कई बिल लंबित हैं। समिति ने कहा कि हर साल सीजन के लिए पेराई लाइसेंस जारी करने से पहले संबंधित चीनी मिल के बकाया भुगतान की स्थिति की समीक्षा करना जरूरी है। किसानों के पुराने बकाये का निपटारा किए बिना मिलों को दोबारा पेराई लाइसेंस जारी करना सीधे तौर पर किसानों के हितों को नुकसान पहुंचाता है।
बकाया भुगतान के बाद ही लाइसेंस देने की मांग
समिति का कहना है कि चीनी मिलों को पेराई लाइसेंस तभी दिया जाना चाहिए, जब संबंधित मिलों से सभी लंबित बिलों, उचित एवं लाभकारी मूल्य (FRP) के बकाये तथा गन्ना कटाई और परिवहन खर्च के भुगतान की पुष्टि करने वाली अद्यतन रिपोर्ट प्राप्त हो जाए। समिति ने स्पष्ट मांग की है कि यदि अद्यतन रिपोर्ट में इन सभी बकायों, FRP भुगतान और कटाई-परिवहन खर्च के निपटारे की पुष्टि नहीं होती है, तो संबंधित चीनी मिलों के 2026-27 सीजन के पेराई लाइसेंस रोक दिए जाएं।


















