वॉशिंगटन: अमेरिका के खाद्य एवं औषधि प्रशासन (यूएस एफडीए) ने गेहूं के दानों की संभावित मौजूदगी और उससे होने वाले एलर्जी के जोखिम के चलते करीब 17 लाख पाउंड चीनी उत्पादों की स्वैच्छिक वापसी को क्लास-II रिकॉल के रूप में वर्गीकृत किया है। यह जानकारी इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के हवाले से सामने आई है। वापस मंगाए गए उत्पादों में लाइट ब्राउन शुगर और पिसी हुई चीनी (पाउडर्ड शुगर) शामिल हैं। ये उत्पाद United, Good & Gather और Crystal Sugar ब्रांड नामों के तहत बेचे गए थे। इन्हें आयोवा, इलिनॉय, इंडियाना, कंसास, मिनेसोटा, ओहायो, पेंसिल्वेनिया और टेक्सास समेत आठ राज्यों में उपभोक्ता और व्यावसायिक आकार के पैकेटों में वितरित किया गया था।रिकॉल के दायरे में करीब 13 लाख पाउंड लाइट ब्राउन शुगर और 4,26,500 पाउंड पाउडर्ड शुगर शामिल हैं। एफडीए की ओर से प्रकाशित जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई मिनियापोलिस स्थित यूनाइटेड शुगर प्रोड्यूसर्स एंड रिफाइनर्स ने अगस्त 2026 में शुरू की थी और अभी भी जारी है।
क्या है FDA का Class II रिकॉल?
एफडीए के अनुसार, Class II रिकॉल उन उत्पादों पर लागू होता है जिनके इस्तेमाल या सेवन से अस्थायी या चिकित्सकीय रूप से ठीक किए जा सकने वाले स्वास्थ्य प्रभाव हो सकते हैं। इसमें ऐसे मामले भी शामिल होते हैं, जहां गंभीर स्वास्थ्य परिणाम होने की संभावना अपेक्षाकृत कम मानी जाती है। एफडीए प्रोडक्ट रिकॉल और मार्केट विदड्रॉल के बीच अंतर भी स्पष्ट करता है। मार्केट विदड्रॉल आम तौर पर ऐसे मामूली उल्लंघन से जुड़ा होता है, जिस पर एफडीए की कानूनी कार्रवाई की जरूरत नहीं पड़ती। ऐसे मामलों में कंपनी स्वेच्छा से उत्पाद को बाजार से हटा सकती है या संबंधित समस्या को ठीक कर सकती है।


















