उत्तराखंड : बेमौसम बारिश ने बढ़ाई किसानों की चिंता, खेतों में बिछी धान और गन्ने की फसल

देहरादून : बृहस्पतिवार सुबह तेज हवाओं के साथ हुई भारी बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों में पककर तैयार खड़ी धान की फसल और गन्ने की फसल तेज हवा के कारण जमीन पर गिर गई। इससे फसलों को नुकसान पहुंचा है। वहीं, खेतों में जलभराव होने से आगामी दिनों में होने वाली दलहन और तिलहन की बुवाई प्रभावित होने की आशंका है। नवंबर में होने वाली गेहूं की अगेती बुवाई पर भी बेमौसम बारिश का असर पड़ सकता है।

तेज हवा और बारिश से खेतों में गिरी फसल

ChiniMandi WhatsApp Channel

बृहस्पतिवार सुबह करीब आठ बजे अचानक आसमान में घने बादल छा गए। कुछ ही देर में पूरे क्षेत्र में अंधेरा छा गया और तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। बारिश और हवा के चलते खेतों में खड़ी धान और गन्ने की फसल जमीन पर बिछ गई।किसानों के मुताबिक, धान की फसल पककर तैयार हो चुकी थी और कटाई शुरू करने की तैयारी चल रही थी। ऐसे समय में हुई बेमौसम बारिश ने उनकी उम्मीदों को झटका दिया है।किसान श्याम सिंह, राजपाल सैनी, रकम सिंह, जितेंद्र सिंह, हरपाल सिंह, यामीन, दिलशाद अली, शौकीन और तस्लीम का कहना है कि लगातार खराब मौसम के कारण उनकी मुश्किलें बढ़ गई हैं।

पहले भी तूफान और ओलावृष्टि से हुआ था नुकसान

किसानों ने बताया कि 9 अक्टूबर को आए तेज तूफान और भारी ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान पहुंचा था। इसके बाद 11 अक्टूबर को तेज हवा के साथ हुई बारिश ने भी फसलों को प्रभावित किया। अब बृहस्पतिवार सुबह हुई भारी बारिश ने बची हुई फसल को भी नुकसान पहुंचाने की आशंका बढ़ा दी है। धान की फसल पूरी तरह पक चुकी थी और किसान कटाई की तैयारी कर रहे थे। लेकिन फसल के जमीन पर गिरने से कटाई में परेशानी हो सकती है। इससे उत्पादन और फसल की गुणवत्ता पर भी असर पड़ने की आशंका है।

दलहन, तिलहन और गेहूं की बुवाई पर असर की आशंका

खेतों में पानी भरने से किसानों को आगामी फसलों की बुवाई की चिंता भी सताने लगी है। दलहन और तिलहन की बुवाई प्रभावित हो सकती है। वहीं, नवंबर में गेहूं की अगेती बुवाई के लिए भी खेतों को तैयार करने में देरी होने की आशंका है।गन्ने की फसल गिरने से भी किसानों को नुकसान उठाना पड़ सकता है। किसानों का कहना है कि उनकी आजीविका खेती पर निर्भर है। यदि फसल की पैदावार प्रभावित हुई, तो इसका सीधा असर उनकी आमदनी और परिवारों के भरण-पोषण पर पड़ेगा।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here