सूखे की स्थिति में पशुओं के चारे के लिए गन्ने की कटाई मजदूरों से कराने का सुझाव, हार्वेस्टर मालिकों की बढ़ी चिंता

मुंबई: महाराष्ट्र में सूखे की स्थिति को देखते हुए पशुओं के लिए चारे की कमी दूर करने के उद्देश्य से पशुपालन विभाग ने गन्ने और उसकी हरी पत्तियों (गन्ने के ऊपरी हिस्से) का पशुचारे के रूप में उपयोग करने का निर्णय लिया है। इसी के मद्देनजर गन्ने की कटाई के दौरान हरी पत्तियां बर्बाद न हों, इसके लिए पशुपालन विभाग ने चीनी आयुक्त को हार्वेस्टर मशीनों के बजाय मजदूरों से गन्ने की कटाई कराने का सुझाव दिया है। हालांकि, गन्ना कटाई का सीजन पहले ही शुरू हो चुका है।इस फैसले से चीनी मिलों के संचालकों और हार्वेस्टर व्यवसायियों की चिंता बढ़ गई है।

राज्य में 2,300 हार्वेस्टर मशीनें, हजारों लोगों का रोजगार दांव पर

ChiniMandi WhatsApp Channel

दैनिक सकाळ में प्रकाशित खबर के अनुसार, महाराष्ट्र में सूखे की स्थिति को देखते हुए पशुपालन विभाग पशुओं के चारे की व्यवस्था करने में जुटा है। हरे चारे की उपलब्धता बढ़ाने के लिए गन्ने की हरी पत्तियों का उपयोग करने का प्रस्ताव है।लेकिन हार्वेस्टर मशीन से गन्ने की कटाई करने पर ये पत्तियां पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध नहीं हो पातीं।इसी कारण विभाग ने मशीनों के बजाय मजदूरों से कटाई कराने का सुझाव दिया है।

राज्य की चीनी मिलों में लगभग 2,300 हार्वेस्टर मशीनें काम कर रही हैं। इनसे करीब 8,000 से 9,000 ट्रैक्टर चालक-मालिकों और हजारों अन्य श्रमिकों की आजीविका जुड़ी हुई है। ‘मांजरा’ जैसी चीनी मिलों में 100 प्रतिशत गन्ना कटाई मशीनों से होती है, जबकि कोल्हापुर जिले में भी लगभग 25 से 40 प्रतिशत गन्ने की कटाई हार्वेस्टर मशीनों पर निर्भर है।मशीनों से तेजी से कटाई होने के कारण कई चीनी मिलों ने इस साल मजदूरों के साथ पहले से अनुबंध भी नहीं किए हैं।

हार्वेस्टर बंद हुए तो चीनी मिलों का आर्थिक गणित बिगड़ने का खतरा

यदि हार्वेस्टर मशीनों के इस्तेमाल पर रोक लगाई जाती है, तो मजदूरों की कमी के कारण गन्ना कटाई प्रभावित हो सकती है। इससे चीनी मिलों की आर्थिक व्यवस्था भी बिगड़ने का खतरा है।दूसरी ओर, अधिकांश हार्वेस्टर मशीनें कर्ज लेकर खरीदी गई हैं। ऐसे में यदि मशीनें बंद रहती हैं, तो उनके मालिक बैंक की किस्तें और ब्याज कैसे चुकाएंगे, यह एक बड़ा सवाल है। सरकार हार्वेस्टर पर रोक लगाने के मामले में कितना सख्त रुख अपनाती है और चीनी मिल संचालक इस प्रस्ताव पर क्या प्रतिक्रिया देते हैं, यह भी महत्वपूर्ण होगा।

चारे की कमी दूर करने के लिए चीनी मिलों को दिए जाएंगे निर्देश

चीनी आयुक्त संजय कोलते ने ‘सकाळ’ से बातचीत में कहा कि, राज्य में भीषण सूखे के कारण पशुओं के चारे की कमी पैदा हो रही है। गन्ने की हरी पत्तियां उपलब्ध होने से चारा प्रबंधन में काफी मदद मिल सकती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि, हार्वेस्टर के बजाय मजदूरों से गन्ने की कटाई कराने की अनिवार्यता लागू करना संभव नहीं होगा, लेकिन इस संबंध में चीनी मिलों को आवश्यक सुझाव और निर्देश दिए जाएंगे।

हार्वेस्टर मालिकों की मांग: सरकार हमारी जिम्मेदारी भी ले

कोल्हापुर के हार्वेस्टर मालिक एकनाथ पाटील ने इस प्रस्ताव पर चिंता जताते हुए कहा कि, हार्वेस्टर और ट्रैक्टर खरीदने के लिए व्यवसायियों ने करोड़ों रुपये का कर्ज लिया है। इस व्यवसाय से हजारों परिवारों की रोजी-रोटी जुड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि यदि मशीनें बंद हो जाती हैं, तो इन सभी परिवारों के सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो जाएगा। सरकार को ऐसा निर्णय नहीं लेना चाहिए। यदि सरकार यह निर्णय लेती है, तो उसे कर्ज की किस्तें चुकाने और मजदूरों के भरण-पोषण की व्यवस्था भी करनी चाहिए।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here