आधुनिक कृषि मशीनों से गन्ना किसानों को मिलेगी मजदूरों की कमी से राहत : विशेषज्ञ

पलवल (हरियाणा): गन्ना किसानों के सामने मजदूरों की कमी और बढ़ती मजदूरी बड़ी चुनौती बनती जा रही है। कृषि विशेषज्ञ डॉ. महावीर सिंह मलिक ने कहा कि, आधुनिक कृषि मशीनों की मदद से बुवाई से लेकर कटाई तक के काम कम समय और कम लागत में पूरे किए जा सकते हैं। इससे किसानों की मजदूरों पर निर्भरता कम होगी और फसल की पैदावार व गुणवत्ता में भी सुधार होगा।जागरण में प्रकाशित खबर के अनुसार, डॉ. मलिक पलवल के सरोली गांव में कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के गन्ना अनुभाग की ओर से आयोजित एक किसान संगोष्ठी को संबोधित कर रहे थे।

डॉ. मलिक ने बताया कि, गन्ना केवल चीनी उत्पादन के लिए ही नहीं, बल्कि गुड़, एथेनॉल, रिफाइंड चीनी, रस और पशु आहार बनाने के लिए भी एक महत्वपूर्ण फसल है। इसके अलावा, गन्ना उद्योग बिजली उत्पादन और कई ग्रामीण उद्योगों को भी बढ़ावा देता है। इस तरह यह ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाता है।उन्होंने कहा कि, गन्ने की खेती में बुवाई, निराई-गुड़ाई, खाद एवं कीटनाशकों के इस्तेमाल और कटाई के लिए काफी मजदूरों की जरूरत होती है। मजदूरों की कमी और बढ़ती मजदूरी के कारण कृषि कार्यों में देरी होती है, जिसका असर फसल की पैदावार और गुणवत्ता पर पड़ता है। ऐसे में गन्ने की खेती को अधिक प्रभावी और लाभकारी बनाने के लिए कृषि का मशीनीकरण जरूरी है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

चार घंटे में एक एकड़ गन्ने की बुवाई कर सकती है कटर प्लांटर मशीन

डॉ. मलिक ने आधुनिक कृषि उपकरणों के फायदे बताते हुए कहा कि, कटर प्लांटर मशीन की मदद से केवल चार लोगों की सहायता से लगभग चार घंटे में एक एकड़ खेत में गन्ने की बुवाई की जा सकती है। ट्रैक्टर से चलने वाली यह मशीन एक ही प्रक्रिया में खेत में नालियां तैयार करने, गन्ने के बीज को टुकड़ों में काटने, उनकी बुवाई करने तथा खाद और कीटनाशकों का इस्तेमाल करने में सक्षम है। उन्होंने बताया कि, आरबीएस प्लांटर मशीन का उपयोग गन्ने के साथ-साथ गेहूं की बुवाई के लिए भी किया जा सकता है। वहीं, रैटून मैनेजर और पावर वीडर की मदद से किसान गन्ने के पुराने ठूंठ काटने, खरपतवार हटाने, मिट्टी को भुरभुरा बनाने और पौधों के आसपास मिट्टी चढ़ाने जैसे काम आसानी से कर सकते हैं।इसके अलावा, वाइड-फरो रिजर मशीन गन्ने की बुवाई के दौरान पौधों और कतारों के बीच उचित दूरी बनाए रखने में मदद करती है।

कटाई और छिलाई में भी मशीनें होंगी मददगार

डॉ. मलिक ने कहा कि, गन्ने की कटाई और छिलाई में सबसे अधिक मजदूरों की आवश्यकता होती है। कंबाइन हार्वेस्टर जैसी आधुनिक मशीनों के इस्तेमाल से इन कार्यों को आसान बनाया जा सकता है। इससे समय की बचत होगी और मजदूरों पर निर्भरता भी कम होगी। उन्होंने किसानों को यह भी बताया कि सरकार आधुनिक कृषि उपकरण खरीदने के लिए आर्थिक सहायता प्रदान करती है।इस अवसर पर सहायक गन्ना अधिकारी अरुण सोलंकी ने किसानों को सिंचाई की उचित विधियों और फसल खराब होने से बचाने के उपायों की जानकारी दी। वहीं, चीनी मिल की ओर से पहुंचे गन्ना विकास अधिकारी बिजेंद्र सिंह ने घोषणा की कि मिल क्षेत्र से बाहर से गन्ने का बीज खरीदने वाले किसानों को 100 रुपये प्रति क्विंटल की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

 

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here