गन्ने का खरीद मूल्य तुरंत घोषित करने के निर्देश दें मुख्यमंत्री फडणवीस : राजू शेट्टी

कोल्हापुर : पूर्व सांसद और स्वाभिमानी शेतकरी संगठन के नेता राजू शेट्टी ने बुधवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मांग की कि, वे चीनी मिलों को आगामी पेराई सत्र के लिए गन्ने का खरीद मूल्य तत्काल घोषित करने के निर्देश दें। उन्होंने 5,000 रुपये प्रति टन गन्ना मूल्य की मांग को लेकर 25 अक्टूबर को पूरे जिले में मोटरसाइकिल रैली निकालने की घोषणा भी की। कोल्हापुर में किसानों को संबोधित करते हुए शेट्टी ने कहा कि, गन्ने के उचित मूल्य के मुद्दे पर महाराष्ट्र को कर्नाटक की पहल का अनुसरण करना चाहिए। उन्होंने बताया कि, कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने गन्ना मूल्य से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करने के लिए 26 अक्टूबर को बेलगावी स्थित विधान सौध में गन्ना उत्पादकों और चीनी मिल प्रतिनिधियों की बैठक बुलाई है।

राजू शेट्टी ने कहा, यदि कर्नाटक में पेराई सत्र शुरू होने से पहले इस समस्या के समाधान के लिए पहल की जा सकती है, तो महाराष्ट्र सरकार को भी ऐसा करना चाहिए। जब तक चीनी मिलें संतोषजनक गन्ना मूल्य घोषित नहीं करतीं, तब तक हम उन्हें पेराई शुरू नहीं करने देंगे। हमारी मांगों की अनदेखी की गई, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

ChiniMandi WhatsApp Channel

चीनी का न्यूनतम बिक्री मूल्य 50 रुपये प्रति किलो करने की मांग

पूर्व सांसद शेट्टी ने कहा कि, केंद्रीय खाद्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने किसान संगठनों को आश्वासन दिया है कि गन्ने से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए गठित समिति 20 नवंबर से पहले चीनी के न्यूनतम बिक्री मूल्य (एमएसपी) पर निर्णय लेगी।उन्होंने चीनी का न्यूनतम बिक्री मूल्य बढ़ाकर 50 रुपये प्रति किलो करने की मांग की। उनका कहना है कि, पिछले आठ वर्षों से चीनी का निर्धारित न्यूनतम बिक्री मूल्य नहीं बढ़ाया गया है।शेट्टी ने कहा, बाजार में चीनी पहले से ही 50 रुपये प्रति किलो से अधिक कीमत पर बिक रही है। न्यूनतम बिक्री मूल्य बढ़ाने से महंगाई नहीं बढ़ेगी, बल्कि इससे चीनी मिलों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। मिलों को बैंकों से अधिक ऋण प्राप्त करने में मदद मिलेगी और वे किसानों को गन्ने का बेहतर मूल्य दे सकेंगी।

25 अक्टूबर को जिलेभर में मोटरसाइकिल रैली

गन्ने के लिए 5,000 रुपये प्रति टन मूल्य की मांग को लेकर 25 अक्टूबर को मोटरसाइकिल रैली निकाली जाएगी। यह रैली हातकणंगले से शुरू होगी और पन्हाला, करवीर तथा कागल तहसीलों से गुजरते हुए कसबा सांगाव गांव में समाप्त होगी।राजू शेट्टी ने कहा कि इस रैली का उद्देश्य किसानों के बीच गन्ना मूल्य को लेकर जागरूकता फैलाना और सरकार तथा चीनी मिल प्रबंधन तक किसानों की मांगों को मजबूती से पहुंचाना है। गन्ने का उचित मूल्य तय करने और किसानों को उनकी उपज का बेहतर भुगतान सुनिश्चित करने के लिए स्वाभिमानी शेतकरी संगठन ने आंदोलन तेज करने का संकेत दिया है। अब इस मुद्दे पर राज्य सरकार और चीनी मिल प्रबंधन की भूमिका पर किसानों की नजर रहेगी।

 

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here