मध्य पूर्व में तनाव के बीच कच्चे तेल की कीमतों में उबाल, ब्रेंट क्रूड 115 डॉलर प्रति बैरल के पार

नई दिल्ली : पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच सोमवार को ब्रेंट क्रूड तेल की कीमतें 115 डॉलर प्रति बैरल के आसपास बनी रहीं। तेल आपूर्ति को लेकर लगातार बनी चिंताओं और संघर्ष के और बढ़ने की आशंका ने वैश्विक तेल बाजारों में अनिश्चितता बढ़ा दी है। पिछले एक सप्ताह में कच्चे तेल की कीमतों में 5 प्रतिशत से अधिक की तेजी आई है। कीमतें 117.41 डॉलर प्रति बैरल के 52 सप्ताह के उच्चतम स्तर के करीब कारोबार कर रही हैं। इससे वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर मध्य पूर्व संघर्ष के संभावित प्रभाव को लेकर बाजार की चिंताएं जाहिर होती हैं।

मध्य पूर्व का तनाव तेल बाजार के लिए बड़ी चिंता

ChiniMandi WhatsApp Channel

एनरिच मनी के सीईओ पोनमुडी आर. ने कहा कि, मध्य पूर्व में जारी गतिरोध और तनाव के और बढ़ने की आशंका भारतीय बाजारों के लिए प्रमुख चिंता बनी हुई है। उन्होंने कहा, मध्य पूर्व में जारी गतिरोध और इसके और गंभीर होने का जोखिम घरेलू बाजारों के लिए बड़ी चिंता है। डब्ल्यूटीआई क्रूड 101 से 102 डॉलर प्रति बैरल के आसपास कारोबार कर रहा है, जबकि ब्रेंट क्रूड 115 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर बना हुआ है। आपूर्ति को लेकर लगातार बनी चिंताएं कीमतों को ऊंचा बनाए हुए हैं और ऊर्जा आयात करने वाली अर्थव्यवस्थाओं के भविष्य को लेकर अनिश्चितता बढ़ा रही हैं। महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे और ऊर्जा की खेपों की सुरक्षा को लेकर बढ़ती चिंताओं ने भी बाजार की अनिश्चितता को बढ़ाया है।

सऊदी अरब से अमेरिकी कर्मचारियों को निकलने का निर्देश

रियाद स्थित अमेरिकी दूतावास की घोषणा के अनुसार, रविवार को अमेरिकी विदेश विभाग ने गैर-आपातकालीन सरकारी कर्मचारियों और उनके पात्र परिवार के सदस्यों को सऊदी अरब छोड़ने का आदेश दिया। यह फैसला नागरिक हवाई अड्डों और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे पर ईरान समर्थित हूती बलों के हालिया मिसाइल और ड्रोन हमलों के बाद गंभीर सुरक्षा जोखिमों को देखते हुए लिया गया।

होर्मुज जलडमरूमध्य से तेल परिवहन पर ट्रंप का दावा

इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि होर्मुज जलडमरूमध्य से तेल का परिवहन युद्ध-पूर्व स्तर से भी अधिक हो गया है। उन्होंने समुद्री परिवहन जारी रखने का श्रेय अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी और सैन्य अभियानों को दिया।होर्मुज जलडमरूमध्य से सामान्यतः दुनिया के समुद्री मार्गों से होने वाले कुल तेल और तरलीकृत प्राकृतिक गैस (एलएनजी) परिवहन का लगभग 20 से 25 प्रतिशत हिस्सा गुजरता है। ऐसे में इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग में किसी भी तरह की बाधा वैश्विक ऊर्जा बाजारों के लिए गंभीर चिंता का विषय है।

मध्य पूर्व में रिफाइनिंग क्षमता प्रभावित, ऊर्जा कीमतों पर दबाव

हाल के दिनों में क्षेत्र में जारी संघर्ष, ड्रोन और मिसाइल हमलों के कारण मध्य पूर्व की तेल शोधन क्षमता भी प्रभावित हुई है। रिपोर्ट के अनुसार, क्षेत्र में प्रतिदिन लगभग 30 लाख बैरल तेल की रिफाइनिंग क्षमता ठप हुई है, जिससे वैश्विक ऊर्जा कीमतों पर दबाव बढ़ रहा है। भू-राजनीतिक जोखिमों और तेल की वास्तविक आपूर्ति में आ रही बाधाओं के बीच कच्चे तेल की कीमतें ऊंचे स्तर पर बनी हुई हैं। क्षेत्र में लंबे समय तक अस्थिरता बने रहने की आशंका से वैश्विक ऊर्जा बाजारों और तेल आयात करने वाले देशों की आर्थिक स्थिति को लेकर चिंताएं बढ़ रही हैं।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here