नई दिल्ली : केंद्रीय खाद्य मंत्रालय ने नवंबर 2026 के दूसरे पखवाड़े (15 नवंबर से 30 नवंबर) के लिए देश की 587 चीनी मिलों को कुल 13 लाख मीट्रिक टन (LMT) चीनी बिक्री कोटा आवंटित किया है। मंत्रालय ने 13 नवंबर को जारी अधिसूचना के माध्यम से यह आवंटन किया। चीनी एवं वनस्पति तेल निदेशालय के निदेशक अरविंद कुमार रावत द्वारा जारी आदेश में आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3 तथा चीनी (नियंत्रण) आदेश, 2025 के खंड 6 और 7 के तहत प्रत्येक मिल को निर्धारित अवधि में अपने परिसर से सफेद और रिफाइंड चीनी की बिक्री एवं डिस्पैच की मात्रा तय की गई है।
नवंबर में कुल बिक्री कोटा 26 लाख टन
सरकार ने नवंबर 2026 के पहले पखवाड़े के लिए भी 13 लाख मीट्रिक टन चीनी बिक्री कोटा निर्धारित किया था। इस प्रकार नवंबर 2026 के लिए कुल चीनी बिक्री कोटा 26 लाख मीट्रिक टन हो गया है। इसकी तुलना में नवंबर 2025 में सरकार ने कुल 20 लाख मीट्रिक टन चीनी बिक्री कोटा जारी किया था। अक्टूबर 2026 के लिए सरकार ने कुल 30 लाख मीट्रिक टन चीनी कोटा आवंटित किया था। इसमें पहले पखवाड़े के लिए 14 लाख मीट्रिक टन और दूसरे पखवाड़े के लिए 16 लाख मीट्रिक टन शामिल था। वहीं, अक्टूबर 2025 में घरेलू चीनी बिक्री के लिए 24 लाख मीट्रिक टन का मासिक कोटा निर्धारित किया गया था।
महाराष्ट्र को सबसे अधिक 4.74 लाख टन कोटा
राज्यवार आवंटन में महाराष्ट्र को सबसे अधिक 4,74,373 टन चीनी बिक्री कोटा दिया गया है। इसके बाद उत्तर प्रदेश को 4,24,297 टन और कर्नाटक को 2,64,953 टन कोटा आवंटित किया गया है। अन्य राज्यों में गुजरात को 41,412 टन, तमिलनाडु को 31,022 टन, बिहार को 19,846 टन और उत्तराखंड को 13,411 टन चीनी कोटा दिया गया है।कम चीनी उत्पादन वाले राज्यों में हरियाणा को 9,658 टन, मध्य प्रदेश को 6,639 टन, पंजाब को 4,913 टन, तेलंगाना को 4,830 टन और आंध्र प्रदेश को 2,487 टन कोटा मिला है। छत्तीसगढ़ को 1,629 टन, ओडिशा को 427 टन और राजस्थान को 103 टन चीनी बिक्री कोटा आवंटित किया गया है।
30 नवंबर तक उत्पादित अतिरिक्त चीनी बेचने की अनुमति
आदेश के अनुसार, चीनी मिलों को इस पखवाड़े के दौरान 30 नवंबर 2026 तक उत्पादित चीनी को आवंटित कोटे के अतिरिक्त बेचने की अनुमति दी गई है। यह सुविधा उन मिलों पर लागू होगी, जिन्होंने अक्टूबर में गन्ना पेराई शुरू की है या नवंबर में पेराई शुरू कर रही हैं। मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि अक्टूबर 2026 में पेराई शुरू करने वाली मिलों को अक्टूबर में उत्पादित चीनी की बिक्री नवंबर महीने में करने की अनुमति पहले से ही दी गई है।
बिक्री के सात दिनों के भीतर चीनी का डिस्पैच अनिवार्य
मंत्रालय ने अपने पूर्व निर्देश को दोहराते हुए कहा है कि चीनी की बिक्री के सात दिनों के भीतर मिल परिसर से उसका डिस्पैच करना अनिवार्य होगा। नियमों के अनुपालन की जांच के लिए बिक्री की तारीख वही मानी जाएगी, जिस दिन मिल बिक्री का इनवॉइस तैयार या जारी करेगी। इनवॉइस में दर्ज चीनी की मात्रा को ही बिक्री की गई मात्रा माना जाएगा।
पहले पखवाड़े की बिक्री का विवरण 18 नवंबर तक देना होगा
चीनी मिलों को 15 नवंबर 2026 तक के पहले पखवाड़े की बिक्री का पूरा विवरण निर्धारित प्रारूप में 18 नवंबर 2026 तक जमा करना होगा। यह जानकारी मिलों को अपने पंजीकृत ई-मेल आईडी के माध्यम से भेजनी होगी। आदेश में चेतावनी दी गई है कि निर्धारित समय पर जानकारी नहीं देने वाली मिलों को दिसंबर 2026 का रिलीज कोटा आवंटित नहीं किया जा सकता है।
डीलरों का DFPD पोर्टल पर पंजीकरण जरूरी
मंत्रालय ने चीनी मिलों को निर्देश दिया है कि वे सुनिश्चित करें कि उनके सभी डीलर DFPD पोर्टल पर पंजीकृत हों और प्रत्येक शुक्रवार को अपने चीनी स्टॉक की जानकारी घोषित करें।मिलों को डीलरों के PAN या ई-मेल आईडी के माध्यम से उनके पंजीकरण की जांच करनी होगी। डीलरों के लॉगिन क्रेडेंशियल 27 अगस्त 2026 को जारी पत्र के माध्यम से पहले ही साझा किए जा चुके हैं। आदेश में फिर स्पष्ट किया गया है कि कोई भी चीनी मिल अपंजीकृत डीलर को चीनी नहीं बेच सकती। P2 फॉर्म जमा करते समय मिलों को इस संबंध में निर्धारित अंडरटेकिंग भी देनी होगी।
31 अक्टूबर के घोषित स्टॉक का होगा भौतिक सत्यापन
मिलों द्वारा P-II फॉर्म में 31 अक्टूबर 2026 तक घोषित क्लोजिंग स्टॉक का भौतिक सत्यापन अभियान के दौरान जांच की जाएगी। स्टॉक में किसी भी प्रकार की विसंगति पाए जाने पर उसे चीनी (नियंत्रण) आदेश, 2025 तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 का उल्लंघन माना जाएगा।एक से अधिक चीनी इकाइयों वाली समूह कंपनियों को अपना स्टॉक प्रत्येक इकाई के हिसाब से या पूरे समूह के स्तर पर रखने की अनुमति होगी।
20 प्रतिशत चीनी की पैकिंग जूट की बोरियों में करना अनिवार्य
मंत्रालय ने चीनी मिलों को जूट पैकेजिंग सामग्री (वस्तुओं की पैकिंग में अनिवार्य उपयोग) अधिनियम, 1987 के तहत अपनी 20 प्रतिशत चीनी की पैकिंग जूट की बोरियों में करना अनिवार्य बताया है। मिलों को इस अनुपालन की जानकारी नेशनल सिंगल विंडो सिस्टम (NSWS) पोर्टल पर P-II प्रोफॉर्मा में भी दर्ज करनी होगी। मंत्रालय ने चेतावनी दी है कि, इन निर्देशों का पालन नहीं करने वाली मिलों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के तहत गंभीरता से कार्रवाई की जाएगी।


















