पंजाब: बकाया भुगतान और गन्ने का भाव बढ़ाने की मांग को लेकर किसानों ने जालंधर-पठानकोट हाईवे किया जाम

होशियारपुर : पंजाब में गन्ना किसानों का आंदोलन तेज हो गया है। मुकेरियां चीनी मिल के बाहर प्रदर्शन कर रहे किसानों ने मंगलवार को मिल प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन के साथ बातचीत विफल होने के बाद जालंधर-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग के एक हिस्से को जाम कर दिया। हिंदुस्तान टाइम्स में प्रकाशित खबर के अनुसार, किसान बकाया गन्ना भुगतान जारी करने, गन्ने का खरीद मूल्य बढ़ाने और सभी चीनी मिलों में तत्काल गन्ना पेराई शुरू करने की मांग कर रहे हैं। गन्ना किसानों ने तीन दिन पहले मुकेरियां चीनी मिल के बाहर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया था। किसानों का कहना है कि चीनी मिलों के पास उनका करोड़ों रुपये का भुगतान बकाया है। बार-बार मांग और चेतावनी देने के बावजूद मिल प्रबंधन ने अब तक बकाया राशि का भुगतान नहीं किया है।

गन्ने का खरीद मूल्य बढ़ाने की मांग

ChiniMandi WhatsApp Channel

किसान नेताओं ने गन्ने का खरीद मूल्य बढ़ाने की मांग करते हुए कहा कि पिछले कुछ समय में चीनी और उससे बनने वाले अन्य उत्पादों की कीमतों में काफी वृद्धि हुई है। इसके बावजूद किसानों को गन्ने के उचित मूल्य में अपेक्षित बढ़ोतरी नहीं मिली है।किसानों का कहना है कि उत्पादन लागत लगातार बढ़ रही है, लेकिन गन्ने का मौजूदा भाव उनकी आर्थिक जरूरतों के अनुरूप नहीं है। इसलिए सरकार को किसानों के हित में तत्काल उचित मूल्य घोषित करना चाहिए।

पेराई शुरू करने में देरी से किसानों को नुकसान

प्रदर्शनकारी किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि सभी चीनी मिलों में गन्ने की पेराई जल्द शुरू नहीं की गई, तो किसानों को और अधिक आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा। समय पर पेराई शुरू नहीं होने से गन्ना उत्पादकों की परेशानियां बढ़ रही हैं।किसानों ने सरकार से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने और उनकी मांगों का समाधान निकालने की अपील की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने जल्द कोई ठोस कदम नहीं उठाया, तो जालंधर-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया जाएगा।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here