बीड : महाराष्ट्र के सूखाग्रस्त मराठवाड़ा क्षेत्र में पानी की अत्यधिक आवश्यकता वाली गन्ने की खेती तेजी से बढ़ रही है।द टाइम्स ऑफ इंडिया में प्रकाशित खबर में कहा गया है की, पिछले पांच वर्षों में इस क्षेत्र में गन्ने की खेती का रकबा 36 प्रतिशत बढ़ गया है। एक ओर क्षेत्र के किसान सूखे और पानी की कमी से जूझ रहे हैं, वहीं दूसरी ओर गन्ने की खेती का विस्तार कई सवाल खड़े कर रहा है। खबर में आगे कहा गे है की, बीड जिले के उदंड वडगांव गांव के किसान विवेक ससवाडे का गन्ने का खेत तेज धूप और पानी की कमी से झुलस गया है। गन्ने के डंठल छोटे रह गए हैं और सूखी पत्तियां मुरझा चुकी हैं। इस वर्ष मराठवाड़ा के बीड जिले में औसत से 40 प्रतिशत कम बारिश हुई है। इसका सीधा असर फसलों पर पड़ा है।
किसान विवेक ससवाडे के अनुसार, इस साल उन्हें करीब 50 प्रतिशत फसल नुकसान होने की आशंका है। उन्होंने बताया, “गन्ने की फसल को हर पंद्रह दिन में पानी देना पड़ता है। पानी की कमी होने पर फसल को बचाना बेहद मुश्किल हो जाता है।” मराठवाड़ा में बड़े पैमाने पर गन्ने की खेती होना एक विरोधाभासी स्थिति है, क्योंकि यह क्षेत्र ऐतिहासिक रूप से सूखे और पानी की कमी के लिए जाना जाता है। इसके बावजूद महाराष्ट्र के कुल गन्ना उत्पादन क्षेत्र में मराठवाड़ा की हिस्सेदारी 27.5 प्रतिशत तक पहुंच गई है।
पांच वर्षों में एक लाख हेक्टेयर बढ़ा गन्ने का रकबा
राज्य के कृषि विभाग के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2021-22 से 2025-26 के बीच मराठवाड़ा में गन्ने की खेती का क्षेत्रफल 2.8 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 3.8 लाख हेक्टेयर हो गया है। यानी पांच वर्षों में करीब एक लाख हेक्टेयर की वृद्धि हुई है।मराठवाड़ा में कुल 68 चीनी मिलें हैं, जो महाराष्ट्र के कुल 208 मिलों का लगभग 32 प्रतिशत हैं। राज्य के 86.6 प्रतिशत तालुके सूखे की चपेट में हैं। मराठवाड़ा की स्थिति और भी गंभीर है, जहां सभी 76 तालुके सूखे से प्रभावित हैं। ऐसे में गन्ने की बढ़ती खेती को लेकर चिंता व्यक्त की जा रही है।
गन्ने की खेती रोकने की मांग
जल विशेषज्ञ प्रदीप पुरंदरे लंबे समय से मराठवाड़ा में गन्ने की खेती पर रोक लगाने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि, गन्ने की खेती के लिए बड़े पैमाने पर भूजल का दोहन किया जाता है, जिससे पहले से ही शुष्क क्षेत्र में मरुस्थलीकरण का खतरा बढ़ रहा है। उन्होंने किसानों को गन्ने के बजाय दालों और तिलहन जैसी कम पानी में पैदा होने वाली फसलों की खेती करने की सलाह दी है।
नीति आयोग की वर्ष 2020 की चीनी उद्योग संबंधी टास्क फोर्स की रिपोर्ट के अनुसार, एक किलो चीनी के उत्पादन के लिए लगभग 1,500 से 2,000 किलो पानी की आवश्यकता होती है। वाटर एंड लैंड मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट के पूर्व एसोसिएट प्रोफेसर प्रदीप पुरंदरे के अनुसार, एक हेक्टेयर गन्ने की सिंचाई में इस्तेमाल होने वाले पानी से रबी ज्वार की 5.5 हेक्टेयर फसल की सिंचाई की जा सकती है। इसलिए कम सिंचाई सुविधा वाले सूखाग्रस्त क्षेत्रों में गन्ने की खेती को बढ़ावा देना उचित नहीं है।
उन्होंने महाराष्ट्र सिंचाई अधिनियम 1976 को प्रभावी रूप से लागू करने की भी मांग की है। इस कानून के तहत गंभीर जल संकट के दौरान गन्ने जैसी अधिक पानी की खपत वाली फसलों की खेती को नियंत्रित करने का अधिकार सरकार को प्राप्त है।
न्यूनतम समर्थन मूल्य के कारण किसान गन्ने को दे रहे प्राथमिकता
क्षेत्र के किसानों का कहना है कि वे गन्ने की खेती को इसलिए प्राथमिकता देते हैं, क्योंकि केंद्र सरकार की ओर से गन्ने के लिए उचित एवं लाभकारी मूल्य (एफआरपी) निर्धारित किया जाता है। इससे किसानों को उनकी उपज का एक निश्चित मूल्य मिलने का भरोसा रहता है।
पिछले कुछ वर्षों में मराठवाड़ा में अच्छी बारिश होने के कारण गन्ने की खेती का रकबा बढ़ा है। किसान विवेक ससवाडे के मुताबिक, पानी उपलब्ध होने पर गन्ने की खेती करना अपेक्षाकृत आसान है। इसकी फसल तीन वर्षों तक ली जा सकती है। इसके अलावा कटाई का काम भी चीनी कारखानों की ओर से नियुक्त मजदूर करते हैं।
विशेषज्ञों और आलोचकों का कहना है कि, मराठवाड़ा में गन्ने की खेती का विस्तार राजनीतिक कारणों से भी हुआ है। किसानों के बीच अपना जनाधार मजबूत करने के लिए कुछ नेताओं ने गन्ने की खेती को प्रोत्साहित किया। वहीं, पेट्रोल में इथेनॉल मिश्रण को बढ़ावा दिए जाने से चीनी कारखानों को अतिरिक्त गन्ने और चीनी के लिए नया बाजार भी मिला है।
चीनी मिलों पर भी सूखे का असर
इस वर्ष सूखे की मार केवल किसानों तक सीमित नहीं है, बल्कि चीनी मिलें भी इससे प्रभावित हो रहे हैं। गन्ने की उत्पादकता कम होने के कारण इस बार पेराई का सीजन छह महीने के बजाय केवल तीन महीने तक चलने की संभावना है। महाराष्ट्र राज्य सहकारी चीनी कारखाना महासंघ के प्रबंध निदेशक संजय खटाल ने बताया कि गन्ने की कम उपलब्धता के कारण कारखानों की आमदनी घटेगी, लेकिन किसानों को एफआरपी का भुगतान करना अनिवार्य होगा। इस स्थिति को देखते हुए सरकार से आर्थिक सहायता और सब्सिडी की मांग की गई है।
अगले साल गन्ने की खेती घटने की आशंका
सूखे के मौजूदा हालात को देखते हुए किसानों को अगले वर्ष गन्ने की खेती कम होने की आशंका है। किसान विवेक ससवाडे का कहना है कि इस बार सूखे के कारण गन्ने की खेती जोखिम भरी साबित हुई है। इसलिए अगले वर्ष वे गन्ने के बजाय सोयाबीन और अरहर (तुअर) की खेती करने की योजना बना रहे हैं। मराठवाड़ा में गन्ने का बढ़ता रकबा, भूजल का घटता स्तर और बार-बार पड़ने वाला सूखा आने वाले समय में कृषि क्षेत्र के लिए बड़ी चुनौती बन सकता है।


















