नई दिल्ली: इंडियन शुगर एंड बायो-एनर्जी मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (ISMA) की कार्यकारी समिति ने 25 नवंबर 2026 को आयोजित बैठक में 2026-27 चीनी सीजन के लिए देश के प्रमुख चीनी उत्पादक राज्यों में गन्ने की फसल का व्यापक आकलन किया। इस आकलन में जुलाई से नवंबर 2026 तक के क्षेत्रफल को दर्शाने वाली मासिक सैटेलाइट तस्वीरों, मैदानी सर्वेक्षणों, चीनी मिलों और किसानों से प्राप्त फीडबैक, वर्षा के पैटर्न, फसल की स्थिति, सिंचाई की उपलब्धता, मौजूदा पेराई की स्थिति तथा अनुमानित गन्ना उपज और चीनी रिकवरी को ध्यान में रखा गया।
इसके अलावा, राज्यवार और अखिल भारतीय स्तर पर उत्पादन का अनुमान तैयार करने के लिए जिला-स्तरीय विश्लेषण, फसल के प्रकार का आकलन तथा सैटेलाइट आधारित रिग्रेशन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस/मशीन लर्निंग (AI/ML) मॉडल सहित कई आकलन पद्धतियों का उपयोग किया गया। मौजूदा फसल की स्थिति और अब तक सामने आए रुझानों के आधार पर ISMA ने 2026-27 चीनी सीजन में सकल (नेट) चीनी उत्पादन का प्रारंभिक अनुमान लगभग 265 लाख टन लगाया है।
इस अनुमान में सीजन के शेष समय के दौरान संभावित पेराई की प्रगति को भी शामिल किया गया है। सीजन आगे बढ़ने के साथ इस अनुमान में संशोधन किया जा सकता है। इसकी तुलना में 2025-26 चीनी सीजन में लगभग 32.5 लाख टन चीनी एथेनॉल उत्पादन के लिए इस्तेमाल किए जाने के बाद शुद्ध चीनी उत्पादन लगभग 280 लाख टन रहा था। चूंकि 2026-27 सीजन में एथेनॉल उत्पादन के लिए चीनी का कोई डायवर्जन नहीं किया जा रहा है, इसलिए मौजूदा सीजन में सकल और शुद्ध चीनी उत्पादन का अनुमान समान है।
गन्ने के रकबे में 3.2 प्रतिशत की कमी
चालू सीजन में देश का कुल गन्ना क्षेत्रफल लगभग 55.53 लाख हेक्टेयर अनुमानित है, जबकि पिछले सीजन में यह 57.35 लाख हेक्टेयर था। इस प्रकार गन्ने के कुल क्षेत्रफल में करीब 3.2 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। चालू सीजन के दौरान देश के प्रमुख चीनी उत्पादक राज्यों में मौसम की स्थिति अलग-अलग रही है। अल नीनो (El Niño) से जुड़ी जलवायु संबंधी अस्थिरता और बेमौसम बारिश की घटनाओं का फसल विकास पर असर पड़ा है। विभिन्न क्षेत्रों में जलवायु परिस्थितियां अलग-अलग बनी हुई हैं। कुछ इलाकों में कम बारिश के कारण सूखे जैसी स्थिति और नमी की कमी का सामना करना पड़ रहा है, जबकि कुछ क्षेत्रों में अत्यधिक बारिश, जलभराव और बाढ़ की स्थिति देखी जा रही है। राज्यवार आकलन में मौजूदा फसल की स्थिति, जारी पेराई सीजन से सामने आ रहे रुझानों और सीजन के शेष समय में संभावित पेराई की प्रगति को ध्यान में रखा गया है।
प्रमुख चीनी उत्पादक राज्यों का उत्पादन अनुमान
उत्तर प्रदेश में गन्ने का क्षेत्रफल 22.56 लाख हेक्टेयर अनुमानित है, जो 2025-26 के 22.57 लाख हेक्टेयर के लगभग बराबर है। मौजूदा फसल की स्थिति और चालू सीजन के शेष समय में संभावित पेराई को ध्यान में रखते हुए राज्य में चीनी उत्पादन 88.96 लाख टन रहने का अनुमान है। महाराष्ट्र में 2026-27 सीजन के लिए गन्ने का अनुमानित क्षेत्रफल 13.25 लाख हेक्टेयर है, जबकि पिछले सीजन में यह 14.71 लाख हेक्टेयर था। फसल की स्थिति और पेराई सीजन की संभावित प्रगति के आकलन के आधार पर राज्य में चीनी उत्पादन 86.85 लाख टन रहने का अनुमान लगाया गया है।कर्नाटक में गन्ने का क्षेत्रफल 6.31 लाख हेक्टेयर आंका गया है, जबकि 2025-26 सीजन में यह 6.80 लाख हेक्टेयर था। सीजन की अब तक की प्रगति और शेष अवधि में संभावित पेराई को ध्यान में रखते हुए राज्य में पूरे सीजन का चीनी उत्पादन अनुमान 46.19 लाख टन रखा गया है।
अन्य राज्यों में गन्ने का रकबा लगभग स्थिर
देश के अन्य प्रमुख चीनी उत्पादक राज्यों में गन्ने का क्षेत्रफल कुल मिलाकर लगभग स्थिर रहने का अनुमान है। हालांकि, कुछ राज्यों में इसमें मामूली बढ़ोतरी हो सकती है। इन राज्यों में बिहार, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश एवं छत्तीसगढ़, उत्तराखंड, आंध्र प्रदेश एवं तेलंगाना, ओडिशा, राजस्थान और असम शामिल हैं।
जनवरी 2027 में उत्पादन अनुमान की समीक्षा करेगा ISMA
उपरोक्त अनुमान नवंबर 2026 में किए गए आकलन और मौजूदा फसल परिस्थितियों पर आधारित हैं। वास्तविक चीनी उत्पादन सीजन के शेष समय में अंतिम कटाई योग्य गन्ना क्षेत्रफल, गन्ने की उपज, फसल की परिपक्वता, पेराई की अवधि और चीनी रिकवरी पर निर्भर करेगा। ISMA फसल की स्थिति और पेराई की प्रगति पर लगातार नजर रखेगा। संगठन जनवरी 2027 में या परिस्थितियों के अनुसार उससे पहले उत्पादन अनुमान की दोबारा समीक्षा करेगा।
गन्ने की उपलब्धता में कमी की संभावना: दीपक बल्लानी
ISMA के महानिदेशक दीपक बल्लानी ने कहा की, इस आकलन से संकेत मिलता है कि 2026-27 सीजन के दौरान गन्ने की उपलब्धता कम रहने की संभावना है। इसका प्रभाव विशेष रूप से महाराष्ट्र और कर्नाटक में अधिक दिखाई दे सकता है, जबकि उत्तर प्रदेश में अपेक्षाकृत सीमित गिरावट रहने की उम्मीद है। कुछ क्षेत्रों में असमान वर्षा, लंबे समय तक सूखा रहने और फसल के गिरने (Crop Lodging) जैसी परिस्थितियों का असर मौजूदा आकलन में शामिल किया गया है।
ISMA ने इन प्रारंभिक अनुमानों तक पहुंचने के लिए सैटेलाइट तस्वीरों, जमीनी स्तर से मिले फीडबैक और कई विश्लेषणात्मक मॉडलों का इस्तेमाल करते हुए व्यापक आकलन किया है। पेराई सीजन आगे बढ़ने और वास्तविक गन्ने की उपलब्धता तथा रिकवरी से जुड़ी अधिक जानकारी मिलने के साथ इन अनुमानों की दोबारा समीक्षा की जाएगी। चीनी उद्योग सीजन के उत्पादन पर सटीक आकलन सुनिश्चित करने के लिए सभी घटनाक्रमों पर लगातार करीबी नजर रखेगा।”


















