दिसपुर : नुमालीगढ़ रिफाइनरी लिमिटेड (NRL) की बांस आधारित बायो-रिफाइनरी में एथेनॉल का उत्पादन शुरू हो गया है।इसे राज्य में जैव ईंधन उद्योग के विस्तार की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। इस परियोजना से असम के जैव ईंधन क्षेत्र को नई गति मिलने की उम्मीद है। NRL परिसर में असम बायो एथेनॉल प्राइवेट लिमिटेड (ABEPL) द्वारा विकसित इस परियोजना में बांस से एथेनॉल बनाने के लिए दूसरी पीढ़ी (2G) की तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले वर्ष 14 सितंबर को इस संयंत्र का औपचारिक उद्घाटन किया था।
इस परियोजना का निर्माण वर्ष 2018 में शुरू हुआ था और शुरुआत में इसकी अनुमानित लागत लगभग 800 करोड़ रुपये थी। हालांकि, बाद में निवेश राशि को बढ़ाकर 4,200 करोड़ रुपये कर दिया गया और खबरों के मुताबिक, यह लागत आगे बढ़कर लगभग 5,000 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। NRL इस परियोजना को फिनलैंड की कंपनियों फोर्टम (Fortum) और केम्पोलिस (Chempolis) के सहयोग से लागू कर रही है। पूरी क्षमता से संचालन शुरू होने के बाद इस संयंत्र को हर साल लगभग पांच लाख टन बांस की आवश्यकता होगी। इससे स्थानीय स्तर पर उगाए जाने वाले बांस की मांग बढ़ेगी और पूर्वोत्तर क्षेत्र के बांस उत्पादकों को अतिरिक्त आय के अवसर मिलेंगे।
इस परियोजना से लगभग 1,000 से 1,500 लोगों के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होने की भी उम्मीद है। इस बीच, असम सरकार NRL की रिफाइनिंग क्षमता को मौजूदा 30 लाख मीट्रिक टन प्रति वर्ष (MMTPA) से बढ़ाकर 90 लाख मीट्रिक टन प्रति वर्ष करने की दिशा में काम कर रही है। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने बुधवार को बताया कि, मंगलवार को रिफाइनरी का दौरा कर परियोजना की समीक्षा करने के बाद यह जानकारी सामने आई कि विस्तार कार्य लगभग 90 प्रतिशत पूरा हो चुका है। उन्होंने यह भी कहा कि, इस विस्तार के बाद असम की कुल रिफाइनिंग क्षमता बढ़कर 1.3 करोड़ मीट्रिक टन प्रति वर्ष हो जाएगी।


















