उत्तर प्रदेश में 2026-27 सीजन में 88.96 लाख टन चीनी उत्पादन का अनुमान : इस्मा

नई दिल्ली : देश के चीनी उत्पादन में वर्ष 2026-27 के दौरान उत्तर प्रदेश सबसे आगे रहने की संभावना है। इंडियन शुगर एंड बायो-एनर्जी मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (ISMA) द्वारा 25 नवंबर 2026 को जारी शुरुआती अनुमानों के अनुसार, उत्तर प्रदेश में इस सीजन में 88.96 लाख टन चीनी उत्पादन होने का अनुमान है। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश महाराष्ट्र को पीछे छोड़कर देश का सबसे बड़ा चीनी उत्पादक राज्य बन सकता है। महाराष्ट्र में इस सीजन 86.85 लाख टन चीनी उत्पादन का अनुमान जताया गया है। ‘इस्मा’ के अनुमान के मुताबिक, वर्ष 2025-26 में उत्तर प्रदेश का शुद्ध चीनी उत्पादन 89.74 लाख टन रहा था। इसकी तुलना में आगामी सीजन में उत्पादन में करीब 0.9 प्रतिशत की मामूली गिरावट आने की संभावना है। वहीं, पिछले सीजन में महाराष्ट्र 99.17 लाख टन शुद्ध चीनी उत्पादन के साथ देश में पहले स्थान पर था।

‘इस्मा’ के अनुसार, उत्तर प्रदेश में चालू सीजन के दौरान गन्ने का रकबा लगभग 22.56 लाख हेक्टेयर रहने का अनुमान है। पिछले सीजन में यह रकबा 22.57 लाख हेक्टेयर था। यानी गन्ने के क्षेत्रफल में लगभग कोई बदलाव नहीं हुआ है। संगठन ने यह अनुमान मौजूदा फसल की स्थिति और सीजन के शेष समय में होने वाली संभावित गन्ना पेराई को ध्यान में रखकर तैयार किया है।पिछले सीजन में उत्तर प्रदेश का कुल चीनी उत्पादन 95.42 लाख टन था। इसमें से 5.68 लाख टन चीनी को एथेनॉल उत्पादन के लिए इस्तेमाल किया गया था। हालांकि, चालू सीजन में एथेनॉल के लिए चीनी का डायवर्जन नहीं होने के कारण 2026-27 के लिए कुल और शुद्ध चीनी उत्पादन का अनुमान समान यानी 88.96 लाख टन रखा गया है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

‘इस्मा’ के महानिदेशक दीपक बल्लानी ने कहा कि, उत्तर प्रदेश में गन्ने की उपलब्धता में अपेक्षाकृत कम गिरावट आने की संभावना है। इसके विपरीत महाराष्ट्र और कर्नाटक में गन्ने की उपलब्धता पर अधिक असर पड़ने की आशंका है।ISMA ने फिलहाल देशभर में कुल चीनी उत्पादन का अनुमान लगभग 265 लाख टन लगाया है। संगठन जनवरी 2027 में उत्पादन के अनुमानों की दोबारा समीक्षा करेगा। जरूरत पड़ने पर इससे पहले भी संशोधित अनुमान जारी किए जा सकते हैं।कुल मिलाकर, आगामी चीनी सीजन में उत्तर प्रदेश के देश का सबसे बड़ा चीनी उत्पादक राज्य बनने की संभावना है, जबकि महाराष्ट्र दूसरे स्थान पर रह सकता है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here