एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल विवाद पर केरल के ईंधन डीलरों की राज्यव्यापी पेट्रोल पंप बंद करने की चेतावनी

तिरुवनंतपुरम : एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल की गुणवत्ता को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच केरल के पेट्रोलियम डीलरों ने राज्य सरकार और तेल विपणन कंपनियों (ओएमसी) से संयुक्त रूप से इस मुद्दे का समाधान निकालने की मांग की है। डीलरों ने चेतावनी दी है कि, यदि ईंधन की गुणवत्ता से जुड़े मामलों में पेट्रोल पंप संचालकों को दंडित किया गया, तो राज्यभर के पेट्रोल पंप बंद कर दिए जाएंगे। द हिंदू की रिपोर्ट के अनुसार, ऑल केरल फेडरेशन ऑफ पेट्रोलियम ट्रेडर्स (एकेएफपीटी) ने यह चेतावनी दी है।

एकेएफपीटी के अध्यक्ष टॉमी थॉमस और सचिव सहा अशरफ ने कहा कि, कर्नाटक सरकार की एक जांच रिपोर्ट में पेट्रोल में निर्धारित सीमा से अधिक इथेनॉल की मात्रा पाए जाने की बात सामने आई है। इस रिपोर्ट के बाद केरल के वाहन चालकों में भी चिंता बढ़ गई है। इसके चलते पेट्रोल पंपों पर ग्राहकों और कर्मचारियों के बीच आए दिन विवाद हो रहे हैं।

ChiniMandi WhatsApp Channel

केरल के नागरिक आपूर्ति विभाग ने पेट्रोल के नमूने जांच के लिए एकत्र किए हैं और 10 दिनों के भीतर जांच रिपोर्ट जारी करने का आश्वासन दिया था। हालांकि, अभी तक जांच के नतीजे सामने नहीं आए हैं। राज्य सरकार का कहना है कि तेल विपणन कंपनियां तुलनात्मक जांच के लिए बिना इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल के नमूने उपलब्ध कराने से इनकार कर रही हैं, जिसके कारण रिपोर्ट में देरी हो रही है।

फेडरेशन के अनुसार, सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों के पेट्रोल पंपों पर बिक्री में गिरावट आई है। कई वाहन चालक निजी पेट्रोल पंपों की ओर रुख कर रहे हैं। खास बात यह है कि निजी पंपों पर पेट्रोल की कीमत सार्वजनिक क्षेत्र के पंपों की तुलना में 5 रुपये प्रति लीटर तक अधिक होने के बावजूद ग्राहक वहां से ईंधन खरीद रहे हैं। वाहन चालकों को लगता है कि निजी पंपों पर कम इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल उपलब्ध कराया जा रहा है।एकेएफपीटी ने तेल विपणन कंपनियों से मांग की है कि वे बिना इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल के नमूने तत्काल राज्य सरकार को उपलब्ध कराएं, ताकि तुलनात्मक जांच पूरी की जा सके और आम लोगों की चिंताओं का समाधान हो सके।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here