गन्ने के वजन में हेराफेरी पर उत्तर प्रदेश सरकार सख्त! चीनी मिलों और टेक्नोलॉजी कंपनियों को कड़ी कार्रवाई की चेतावनी

लखनऊ : उत्तर प्रदेश सरकार ने गन्ना खरीद के दौरान किसानों के साथ होने वाली संभावित धोखाधड़ी को रोकने के लिए सख्त कदम उठाए हैं। गन्ना विकास विभाग ने चीनी मिलों और तकनीकी सेवा प्रदाताओं को चेतावनी दी है कि, यदि इलेक्ट्रॉनिक धर्मकांटों या गन्ना खरीद में इस्तेमाल होने वाले सॉफ्टवेयर के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ पाई गई, तो संबंधित मिलों और सेवा प्रदाताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

द टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, विभाग ने इस संबंध में स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं।गुरुवार को गन्ना एवं चीनी आयुक्त भवानी सिंह खंगारोत की अध्यक्षता में आयोजित वर्चुअल समीक्षा बैठक में यह चेतावनी दी गई। बैठक में प्रदेश की विभिन्न चीनी मिलों के आईटी प्रमुखों के साथ हार्डवेयर, सॉफ्टवेयर और वार्षिक रखरखाव अनुबंध (AMC) से जुड़ी कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल हुए।

ChiniMandi WhatsApp Channel

इलेक्ट्रॉनिक कांटों से वजन में गड़बड़ी रोकने के निर्देश

वर्ष 2026-27 का गन्ना पेराई सत्र शुरू हो चुका है और प्रदेश की अधिकांश चीनी मिलों में गन्ने की खरीद जारी है। मिल गेट के साथ-साथ बाहरी गन्ना खरीद केंद्रों पर भी किसानों से गन्ना खरीदा जा रहा है। किसानों के गन्ने के वजन में किसी भी तरह की हेराफेरी रोकने के लिए विभाग ने सभी चीनी मिलों को छेड़छाड़ रहित इलेक्ट्रॉनिक धर्मकांटे लगाने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा पुराने एनालॉग इंडिकेटर को हटाकर डिजिटल लोड सेल और डिजिटल इंडिकेटर लगाने को कहा गया है।

हर निरीक्षण के बाद कैलिब्रेशन यूनिट होगी सील

गन्ना एवं चीनी आयुक्त भवानी सिंह खंगारोत ने निर्देश दिए कि, प्रत्येक निरीक्षण के बाद धर्मकांटे की कैलिब्रेशन यूनिट को सील किया जाए, ताकि कोई भी व्यक्ति अनधिकृत रूप से उसकी सेटिंग में बदलाव न कर सके। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि, इलेक्ट्रॉनिक धर्मकांटों को केवल डेटा आउटपुट मोड में कॉन्फिगर किया जाए। यानी सिस्टम में वजन का डेटा दर्ज करने की अनुमति नहीं होनी चाहिए, बल्कि मशीन केवल वास्तविक वजन की रीडिंग रिकॉर्ड करे। इससे वजन के आंकड़ों में मनमाने बदलाव की संभावना कम होगी।

गड़बड़ी मिलने पर मिल और टेक्नोलॉजी कंपनी दोनों पर कार्रवाई

आयुक्त ने चीनी मिलों की आईटी टीमों और तकनीकी सेवा प्रदाताओं को वजन प्रणाली में किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ रोकने के लिए तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि, निरीक्षण या अचानक जांच के दौरान यदि इलेक्ट्रॉनिक कांटों अथवा सॉफ्टवेयर में हेराफेरी पाई गई, तो संबंधित चीनी मिल के साथ-साथ तकनीकी सेवा उपलब्ध कराने वाली कंपनी के खिलाफ भी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

गन्ना खरीद केंद्रों पर भी होगी संयुक्त जांच

गन्ना एवं चीनी विभाग तथा बाट-माप विभाग के अधिकारी संयुक्त रूप से चीनी मिलों के गेट और बाहरी गन्ना खरीद केंद्रों का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान इलेक्ट्रॉनिक धर्मकांटों की कार्यप्रणाली और वजन रिकॉर्ड की जांच की जाएगी। इसके साथ ही सभी चीनी मिलों को बाहरी गन्ना खरीद केंद्रों पर भी सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए हैं।इन केंद्रों पर भी मिल गेट की तरह निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।सीसीटीवी कैमरों की मदद से वजन संबंधी शिकायतों की निष्पक्ष जांच करने और किसानों की समस्याओं का समय पर समाधान करने में मदद मिलेगी।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here