महिंद्रा ने पहली बार प्रदर्शित किया एथेनॉल फ्लेक्स-फ्यूल ट्रैक्टर; गन्ने और कृषि कचरे से बने एथेनॉल पर चलेगा

नागपुर : कृषि क्षेत्र में वैकल्पिक ईंधन को बढ़ावा देने की दिशा में महिंद्रा ट्रैक्टर्स ने बड़ी पहल की है। कंपनी ने महाराष्ट्र के नागपुर में आयोजित ‘एग्रोविजन 2026’ प्रदर्शनी में पहली बार सार्वजनिक रूप से अपना एथेनॉल फ्लेक्स-फ्यूल ट्रैक्टर प्रदर्शित किया। यह प्रदर्शनी 27 से 30 नवंबर तक आयोजित की जा रही है। ‘ईटी ऑटो’ की रिपोर्ट के अनुसार, इस नई तकनीक से कृषि क्षेत्र में पारंपरिक डीजल ईंधन पर निर्भरता कम करने की उम्मीद है।

49 HP की क्षमता वाले प्लेटफॉर्म पर आधारित ट्रैक्टर

ChiniMandi WhatsApp Channel

महिंद्रा का यह नया ट्रैक्टर कंपनी के 49 हॉर्सपावर (HP) वाले Yuvo Tech+ प्लेटफॉर्म पर आधारित है। इसकी खासियत यह है कि यह एथेनॉल और पेट्रोल के मिश्रण से संचालित हो सकता है। इस ट्रैक्टर में इस्तेमाल होने वाला एथेनॉल गन्ना, मक्का, मक्के के भूसे, फसल अवशेष और अन्य कृषि अपशिष्ट जैसे कच्चे माल से तैयार किया जा सकता है। इससे कृषि क्षेत्र में उपलब्ध जैविक संसाधनों का बेहतर उपयोग करने का अवसर मिलेगा।

डीजल ट्रैक्टर जैसा प्रदर्शन, CO2 उत्सर्जन कम करने का लक्ष्य

महिंद्रा के अनुसार, इस फ्लेक्स-फ्यूल तकनीक का प्रमुख उद्देश्य कार्बन डाइऑक्साइड (CO2) के उत्सर्जन को कम करना है। कंपनी का दावा है कि, वैकल्पिक ईंधन पर चलने के बावजूद यह ट्रैक्टर समान श्रेणी के डीजल ट्रैक्टरों के मुकाबले प्रदर्शन और कार्यक्षमता बनाए रखने में सक्षम होगा।इस तकनीक से किसानों को भविष्य में वैकल्पिक ईंधन के विकल्प उपलब्ध कराने के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिल सकता है।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को दिखाई नई तकनीक

एग्रोविजन 2026 प्रदर्शनी के दौरान महिंद्रा ट्रैक्टर्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) हर्ष राय ने इस ट्रैक्टर का प्रदर्शन केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के सामने किया। कृषि क्षेत्र में एथेनॉल आधारित तकनीक का यह प्रदर्शन वैकल्पिक ईंधन और टिकाऊ कृषि मशीनीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। गन्ने, मक्के और कृषि अवशेषों से तैयार इथेनॉल पर चलने वाला यह ट्रैक्टर भविष्य में किसानों के लिए ईंधन के नए विकल्प खोल सकता है। साथ ही इससे कृषि क्षेत्र में स्वच्छ ऊर्जा के इस्तेमाल को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here