नई दिल्ली : भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) ने गन्ना अनुसंधान, प्रजनन और नई किस्मों के विकास में सहयोग बढ़ाने के लिए इंडियन शुगर एक्जिम कॉरपोरेशन (ISEC) के साथ समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। ISEC, इंडियन शुगर एंड बायो-एनर्जी मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (ISMA) और नेशनल फेडरेशन ऑफ कोऑपरेटिव शुगर फैक्टरीज लिमिटेड (NFCSF) का संयुक्त प्रतिनिधि निकाय है। MoU पर ICAR के उप महानिदेशक (फसल विज्ञान) डॉ. डी. के. यादव और ISEC की ओर से ISMA के महानिदेशक दीपक बल्लानी ने हस्ताक्षर किए।हस्ताक्षर समारोह में कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा विभाग (DARE) के सचिव और ICAR के महानिदेशक डॉ. एम. एल. जाट मौजूद रहे। ICAR के सहायक महानिदेशक (वाणिज्यिक फसलें) डॉ. प्रशांत के. दाश सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
कोयंबटूर में बनेगा वैश्विक उत्कृष्टता केंद्र
आधिकारिक बयान के अनुसार, इस समझौते का उद्देश्य गन्ना क्षेत्र के समग्र विकास को बढ़ावा देना है। इसमें गन्ने की उत्पादकता, किसानों की आय और लाभप्रदता बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इस सहयोग का प्रमुख परिणाम ICAR-शुगरकेन ब्रीडिंग इंस्टीट्यूट, कोयंबटूर में गन्ना प्रजनन के लिए वैश्विक उत्कृष्टता केंद्र (Global Centre of Excellence for Sugarcane Breeding) की स्थापना होगी। यह केंद्र वैज्ञानिक विशेषज्ञता, तकनीकी क्षमता और उद्योग के अनुभव को एक साथ लाकर गन्ने की उन्नत किस्मों के विकास, परीक्षण, तकनीक हस्तांतरण, व्यावसायीकरण और प्रचार-प्रसार में मदद करेगा।इन उन्नत किस्मों का उद्देश्य अधिक उत्पादन, बेहतर चीनी रिकवरी, रोग प्रतिरोधक क्षमता और जलवायु परिवर्तन के प्रति अधिक सहनशीलता प्रदान करना होगा।
जीनोमिक्स और आधुनिक प्रजनन तकनीकों पर जोर
समझौते के तहत प्रयोगशालाओं, अनुसंधान सुविधाओं और फील्ड स्टेशनों की स्थापना एवं मजबूती पर भी काम किया जाएगा। इसके साथ ही जीनोमिक्स, जीनोम एडिटिंग, मार्कर-असिस्टेड सिलेक्शन, फेनोमिक्स और टिश्यू कल्चर जैसी आधुनिक प्रजनन तकनीकों को बढ़ावा दिया जाएगा। साझेदारी के तहत गन्ने की खेती में मशीनीकरण, सटीक कृषि (प्रिसीजन फार्मिंग) और डिजिटल तकनीकों के इस्तेमाल को भी प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके अलावा, रोग निगरानी, कीट प्रबंधन और जलवायु अनुकूलन रणनीतियों को मजबूत किया जाएगा। संसाधनों के कुशल उपयोग, जैव ऊर्जा और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए टिकाऊ गन्ना उत्पादन प्रणालियों को बढ़ावा दिया जाएगा।
वैज्ञानिकों और किसानों के लिए प्रशिक्षण
सहयोग के तहत वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं और तकनीकी कर्मचारियों को उन्नत गन्ना प्रजनन एवं खेती की तकनीकों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। किसानों, उद्योग से जुड़े हितधारकों और कृषि विस्तार कार्यकर्ताओं के लिए जागरूकता कार्यक्रम, कार्यशालाएं और प्रशिक्षण भी आयोजित किए जाएंगे।उन्नत किस्मों को किसानों तक तेजी से पहुंचाने के लिए उद्योग के साथ साझेदारी को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके साथ ही किसान-केंद्रित कार्यक्रमों के माध्यम से नई किस्मों और तकनीकों को खेतों तक पहुंचाने पर जोर रहेगा।
किसानों की आय बढ़ाने पर फोकस
डॉ. एम. एल. जाट ने कहा कि, यह सहयोग गन्ना क्षेत्र को आगे बढ़ाने और गन्ना किसानों के कल्याण में सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने ICAR के गन्ना वैज्ञानिकों के योगदान को भी रेखांकित किया। उन्होंने ISMA द्वारा ICAR के साथ मिलकर किस्मों के मूल्यांकन, बीज उत्पादन और बड़े स्तर पर विस्तार की प्रक्रिया को तेज करने की सराहना की।जाट ने लखनऊ स्थित ICAR-इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ शुगरकेन रिसर्च में उत्तर प्रदेश की चीनी मिलों के लिए ‘उन्नत गुणवत्ता गन्ना बीज उत्पादन केंद्र’ परियोजना में ISMA के सहयोग का भी उल्लेख किया। इस परियोजना की कुल लागत 6 करोड़ रुपये है।
भारतीय गन्ने को अधिक प्रतिस्पर्धी बनाने का लक्ष्य
दीपक बल्लानी ने कहा कि, यह साझेदारी वैज्ञानिक उत्कृष्टता, उद्योग के अनुभव और किसानों पर केंद्रित लक्ष्यों को एक साथ लाएगी। इसका साझा उद्देश्य भारतीय गन्ने को अधिक उत्पादक, जलवायु-अनुकूल, टिकाऊ और लाभदायक बनाना है। उन्होंने कहा कि, यह सहयोग किसानों की आय को अधिक टिकाऊ आधार पर बढ़ाने में मदद करेगा और वैश्विक स्तर पर भारतीय चीनी क्षेत्र की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को मजबूत करेगा।


















