यूपी में अधिक उत्पादन और रोग प्रतिरोधी गन्ना किस्मों पर जोर, वैज्ञानिक खेती और मशीनीकरण को बढ़ावा

लखनऊ : खेती योग्य भूमि की उपलब्धता लगातार सीमित होने के बीच उत्तर प्रदेश ने गन्ने का रकबा बढ़ाने के बजाय उत्पादकता बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित करना शुरू कर दिया है। प्रदेश में अधिक उत्पादन देने वाली और रोग प्रतिरोधी गन्ने की किस्मों को बढ़ावा देने के साथ बेहतर बीज व्यवस्था, वैज्ञानिक खेती के तरीकों और कृषि मशीनीकरण पर जोर दिया जा रहा है। ‘द हिंदू’ को एक अधिकारी ने बताया कि, भूमि की उपलब्धता सीमित होने के कारण भविष्य में गन्ने का उत्पादन बढ़ाने की संभावनाएं क्षेत्रफल विस्तार से अधिक उत्पादकता में सुधार पर निर्भर करेंगी। इसी को ध्यान में रखते हुए उत्तर प्रदेश में अधिक उपज देने वाली और रोग प्रतिरोधी किस्मों के विकास, गुणवत्तापूर्ण बीज की उपलब्धता, वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों और मशीनीकरण को प्राथमिकता दी जा रही है।

को-0238 की सफलता के बाद नई किस्मों पर जोर

ChiniMandi WhatsApp Channel

अधिकारी के अनुसार, गन्ने की किस्मों के लगातार बदलाव की जरूरत इस क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण चुनौती है। को-0238 किस्म की व्यापक सफलता ने उत्तर प्रदेश में गन्ने की खेती को नई दिशा दी थी, लेकिन बाद में रेड रॉट (लाल सड़न रोग) के बढ़ते प्रभाव ने नई और रोग प्रतिरोधी किस्मों के विकास की आवश्यकता को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि, वर्तमान में अधिक उपज और अधिक चीनी की मात्रा वाली नई गन्ना किस्में विकसित करने के साथ किसानों तक गुणवत्तापूर्ण बीज सामग्री पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है। 2003 बैच की भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी मिनिष्टी ने कहा कि, मशीनीकरण के साथ-साथ सूक्ष्म सिंचाई, एकीकृत पोषक तत्व प्रबंधन और वैज्ञानिक कीट नियंत्रण को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। इन उपायों का उद्देश्य केवल उत्पादकता बढ़ाना नहीं, बल्कि खेती की लागत कम करना और किसानों की आय एवं लाभप्रदता में सुधार करना भी है।

गन्ना क्षेत्र में आधुनिक तकनीक का बढ़ता इस्तेमाल

अपर गन्ना आयुक्त और 2014 बैच के आईएएस अधिकारी अभिषेक आनंद ने कहा कि, गन्ना क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल लगातार बढ़ रहा है। रिमोट सेंसिंग, सैटेलाइट इमेजरी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और मशीन लर्निंग जैसी तकनीकों की मदद से फसल की निगरानी और गन्ने की किस्मों की मैपिंग अधिक सटीक तरीके से की जा रही है।उन्होंने बताया कि, मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से जियो-टैग आधारित खेतों के निरीक्षण से निगरानी व्यवस्था मजबूत हुई है। वहीं, बीज की ट्रेसबिलिटी और प्रिडिक्टिव एनालिटिक्स से जुड़े नए प्रयास डेटा आधारित निर्णय लेने की दिशा में आधार तैयार कर रहे हैं। अभिषेक आनंद के अनुसार, गन्ना विभाग ने रिमोट सेंसिंग एप्लीकेशन सेंटर (आरएसएसी) के साथ मिलकर एक पायलट परियोजना शुरू की है। इसके तहत रिमोट सेंसिंग और मशीन लर्निंग के माध्यम से गन्ने के क्षेत्रफल का आकलन और गन्ने की किस्मों की पहचान की जाएगी।

मोबाइल से मिल रही गन्ने की पूरी जानकारी

अधिकारी ने बताया कि, आज उत्तर प्रदेश का किसान अपने मोबाइल फोन के माध्यम से गन्ना सर्वेक्षण की जानकारी, गन्ना आरक्षण, तौल का रिकॉर्ड और भुगतान की स्थिति देख सकता है। जो व्यवस्था पहले कागजी प्रक्रिया पर आधारित थी, वह धीरे-धीरे रियल टाइम डिजिटल प्रणाली में बदल रही है। उन्होंने कहा कि, डिजिटल व्यवस्था का महत्व केवल सुविधा तक सीमित नहीं है। इससे पारदर्शिता बढ़ी है, विवाद कम हुए हैं और गन्ना आपूर्ति श्रृंखला में जवाबदेही मजबूत हुई है। जलवायु परिवर्तन और संसाधनों की सीमित उपलब्धता के दौर में कृषि लगातार प्रभावित हो रही है। ऐसे में खेत स्तर पर सटीक आंकड़ों को तैयार करना और उनका प्रभावी इस्तेमाल करना पारंपरिक कृषि विस्तार सेवाओं जितना ही महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here