नई दिल्ली : भारत का कृषि (एग्रीटेक) और जल प्रौद्योगिकी (वॉटरटेक) आधारित डीपटेक स्टार्टअप इकोसिस्टम तेजी से आगे बढ़ रहा है और अब इन नवाचारों के व्यावसायीकरण तथा बड़े पैमाने पर उपयोग पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। यह जानकारी नैसकॉम द्वारा जारी एक बयान में दी गई। नैसकॉम के अनुसार, कृषि और जल क्षेत्र ऐसे महत्वपूर्ण दौर से गुजर रहे हैं जहां कई स्टार्टअप्स नवाचार तो कर रहे हैं, लेकिन उन्हें अपने उत्पादों और तकनीकों को बड़े स्तर पर लागू करने में चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। इसी उद्देश्य से नैसकॉम ने नई दिल्ली में Deeptech Confluence 2026: Agri and Water Tech का आयोजन किया।
इस सम्मेलन में डीपटेक स्टार्टअप्स, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, निवेशक, सरकारी अधिकारी, कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) संस्थाएं, कार्यान्वयन भागीदार, अनुसंधान संस्थान और विभिन्न क्षेत्रीय विशेषज्ञ शामिल हुए। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कृषि और जल क्षेत्र में काम कर रहे भारतीय स्टार्टअप्स के लिए व्यावसायीकरण और व्यापक उपयोग के नए रास्ते तलाशना था। सम्मेलन में 12 नवाचारी कृषि एवं जल प्रौद्योगिकी स्टार्टअप्स को विशेष रूप से प्रस्तुत किया गया। ये स्टार्टअप्स नैसकॉम डीपटेक क्लब के 20-सप्ताह के विकास कार्यक्रम DTC Accelerate का हिस्सा हैं।कार्यक्रम के दौरान बाजार तक पहुंच, उद्योगों द्वारा तकनीक को अपनाने, पायलट परियोजनाओं को बड़े स्तर तक ले जाने, निवेश की तैयारी और विभिन्न क्षेत्रों के बीच सहयोग जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कृषि क्षेत्र के लिए नई तकनीकों पर जोर…
नैसकॉम ने कहा कि, भारत का कृषि क्षेत्र जलवायु परिवर्तन, संसाधनों की कमी, टिकाऊ खेती की आवश्यकता और उत्पादकता बढ़ाने जैसी चुनौतियों का सामना कर रहा है। ऐसे में आधुनिक तकनीकें कृषि और जल प्रबंधन में महत्वपूर्ण बदलाव ला सकती हैं। हालांकि, एग्रीटेक और वॉटरटेक क्षेत्र में नवाचार तेजी से बढ़े हैं, लेकिन कई स्टार्टअप्स अभी भी शुरुआती सफल परीक्षणों के बाद बड़े स्तर पर विस्तार नहीं कर पा रहे हैं। इस अंतर को दूर करने के लिए नैसकॉम स्टार्टअप्स को उद्योगों, निवेशकों, नीति-निर्माताओं और कार्यान्वयन एजेंसियों से जोड़ने का प्रयास कर रहा है।
एआई और स्मार्ट खेती तकनीकों पर फोकस…
सम्मेलन में जिन तकनीकों का प्रदर्शन किया गया उनमें कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) आधारित जल प्रबंधन, प्रिसिजन एग्रीकल्चर (सटीक कृषि), मृदा स्वास्थ्य निगरानी, विकेंद्रीकृत जैव-निर्माण, जल गुणवत्ता परीक्षण, अपशिष्ट जल प्रबंधन, प्राकृतिक जल संरक्षण, टिकाऊ सामग्री, मत्स्य पालन, फसल ट्रेसबिलिटी और संसाधन दक्षता से जुड़े समाधान शामिल थे।संगीता गुप्ता ने कहा कि कृषि और जल ऐसे क्षेत्र हैं जहां डीपटेक तकनीकें आर्थिक, पर्यावरणीय और सामाजिक स्तर पर बड़ा प्रभाव डाल सकती हैं। भारत में कई स्टार्टअप्स कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT), बायोटेक्नोलॉजी, सेंसर तकनीक, ऑटोमेशन और जलवायु तकनीकों को जोड़कर नए समाधान विकसित कर रहे हैं।उन्होंने कहा कि, डीपटेक कॉन्फ्लुएंस के माध्यम से नैसकॉम इन स्टार्टअप्स को बाजार तक पहुंच, उद्योगों के साथ साझेदारी और तकनीकों के वास्तविक उपयोग के बेहतर अवसर उपलब्ध करा रहा है।


















