लखनऊ: राज्य सरकार गन्ना किसानों को डिजिटल माध्यम से राहत देने की तैयारी कर रही है। बेहतर पैदावार के लिए गन्ने को नए बीज ट्रैकिंग सिस्टम से जोड़ा जाएगा, जिससे उत्पादन और किसानों की आय बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है।सरकार की योजना के अनुसार गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग विभाग एक नया मोबाइल ऐप तैयार कर रहा है। इस ऐप के माध्यम से गन्ना शोध केंद्रों से निकलने वाले बीजों की किसानों के खेत तक पहुंचने की पूरी प्रक्रिया डिजिटल रूप से ट्रैक की जाएगी। अपर आयुक्त गन्ना वीके शुक्ला ने ‘हिंदुस्तान’ को बताया कि, गन्ने की खेती में उत्तर प्रदेश का योगदान बेहद महत्वपूर्ण है, इसलिए विभाग किसानों की सुविधाएं बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।
नए मोबाइल ऐप के जरिए बीज वितरण की निगरानी होने से किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराना आसान होगा। इससे गन्ना उत्पादन बढ़ने की उम्मीद है। ऐप की लॉन्चिंग को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। विभाग ने बीजों की कालाबाजारी पर रोक लगाने की भी योजना बनाई है। “सीड ट्रेस एंड ट्रैक” मोबाइल ऐप के जरिए बीजों की पूरी निगरानी की जाएगी, जिससे किसानों तक उच्च गुणवत्ता वाला बीज पहुंच सके। अधिकारियों के मुताबिक बेहतर बीज मिलने से पैदावार बढ़ेगी और किसानों की आय में भी वृद्धि होने की संभावना है।


















