उच्च एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल पर उत्पाद शुल्क छूट का AIDA ने किया स्वागत, बताया जैव ईंधन क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक कदम

नई दिल्ली: ऑल इंडिया डिस्टिलर्स एसोसिएशन (AIDA) ने केंद्र सरकार द्वारा उच्च एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल को उत्पाद शुल्क (एक्साइज ड्यूटी) से मुक्त करने के फैसले का स्वागत किया है। एसोसिएशन ने इसे भारत के जैव ईंधन (बायोफ्यूल) मिशन में एक महत्वपूर्ण और परिवर्तनकारी कदम बताते हुए कहा कि, इससे देश को मौजूदा E20 मिश्रण कार्यक्रम से आगे बढ़ने का रास्ता मिलेगा। सरकार ने 10 जून को जारी अधिसूचना के माध्यम से E22, E25, E27 और E30 श्रेणी के एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल को उत्पाद शुल्क से छूट दी है।इन ईंधनों को अब वही कर लाभ मिलेगा जो पहले से E20 पेट्रोल को प्राप्त है।

AIDA के अध्यक्ष एस. विजेंद्र सिंह ने कहा कि, E22 से E30 तक के एथेनॉल मिश्रित ईंधनों को उत्पाद शुल्क से छूट देना एक ऐतिहासिक निर्णय है। यह संकेत देता है कि, भारत अब E20 के लक्ष्य से आगे बढ़कर जैव ईंधन विकास के अगले चरण में प्रवेश करने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि, यह फैसला ऊर्जा आत्मनिर्भरता, किसानों की समृद्धि और स्वदेशी जैव ईंधनों के विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को मजबूत करता है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

AIDA ने बताया कि, वह लंबे समय से वित्त मंत्रालय और पेट्रोलियम मंत्रालय के समक्ष उच्च एथेनॉल मिश्रण वाले ईंधनों पर कर संबंधी बाधाओं को हटाने की मांग उठा रहा था। एसोसिएशन का मानना था कि, E20 से अधिक एथेनॉल मिश्रण वाले ईंधनों के लिए व्यावसायिक रूप से व्यवहार्य बाजार बनाने के लिए यह कदम जरूरी था। एसोसिएशन के अनुसार, इस फैसले से एथेनॉल उत्पादन क्षेत्र में नए निवेश को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही गन्ना और मक्का जैसे कच्चे माल (फीडस्टॉक) की मांग बढ़ेगी, जिससे किसानों को आर्थिक लाभ होगा।इसके अलावा, आयातित कच्चे तेल पर भारत की निर्भरता कम होगी और विदेशी मुद्रा की बचत में भी मदद मिलेगी।

भारत का एथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम पिछले एक दशक में तेजी से आगे बढ़ा है। वर्ष 2014 में पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण का स्तर मात्र 1.53 प्रतिशत था, जो अब बढ़कर लगभग 20 प्रतिशत तक पहुंच चुका है। इस कार्यक्रम से देश को विदेशी मुद्रा बचाने के साथ-साथ किसानों की आय बढ़ाने में भी मदद मिली है।AIDA का कहना है कि, यह कर छूट भविष्य में फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों, E85 ईंधन और अन्य उन्नत जैव ईंधन तकनीकों के विस्तार की नींव तैयार करेगी। इससे भारत की एथेनॉल अर्थव्यवस्था आपूर्ति आधारित मॉडल से मांग आधारित मॉडल की ओर धीरे-धीरे आगे बढ़ सकेगी।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here