गन्ना समिति में वित्तीय अनियमितताओं के आरोप, कीटनाशक और उर्वरक खरीद की एसआईटी जांच की मांग

महराजगंज (उत्तर प्रदेश): सिसवा स्थित सहकारी गन्ना विकास समिति लिमिटेड में वित्तीय अनियमितताओं के गंभीर आरोप सामने आए हैं। भास्कर में प्रकाशित खबर के अनुसार, जिला सहकारी गन्ना विकास समिति अध्यक्ष संघ के जिलाध्यक्ष संजय राव ने वर्ष 2009-10 से 2024-25 के दौरान कीटनाशक दवाओं और उर्वरकों की खरीद में कथित गड़बड़ियों की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। संजय राव का आरोप है कि, समिति द्वारा हर वर्ष गन्ना किसानों को वितरण के लिए लाखों रुपये की कीटनाशक दवाएं खरीदी जाती थीं, लेकिन इनका समय पर वितरण नहीं हो सका। किसानों द्वारा अपेक्षित मांग न होने और वितरण में देरी के कारण बड़ी मात्रा में दवाएं एक्सपायर हो गईं।

एक्सपायर दवाओं का भुगतान करने का आरोप…

ChiniMandi WhatsApp Channel

जिलाध्यक्ष राव के अनुसार, नियमों के अनुसार अवसानित (एक्सपायर) दवाओं को संबंधित फर्मों को वापस किया जाना चाहिए था और पूर्ण भुगतान तभी किया जाना चाहिए था जब सामग्री की पूरी बिक्री हो जाए। इसके बावजूद कथित तौर पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों ने एक्सपायर हो चुकी दवाओं का भी पूरा भुगतान फर्मों को कर दिया, जिससे समिति को आर्थिक नुकसान हुआ।

जांच की मांग के बावजूद कार्रवाई लंबित…

संजय राव ने बताया कि, इस मामले को लेकर सितंबर 2023 में उत्तर प्रदेश के गन्ना एवं चीनी आयुक्त को शिकायत भेजी गई थी। शिकायत के बाद उप गन्ना आयुक्त, गोरखपुर ने मामले की जांच के लिए इसे जिला गन्ना अधिकारी, महराजगंज को भेजा था, लेकिन अब तक जांच पूरी नहीं हो सकी है। शिकायत में समिति के एक पूर्व उर्वरक प्रभारी पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। आरोप है कि, उन्होंने करीब 35 हजार रुपये से अधिक मूल्य के उर्वरकों की बिक्री से प्राप्त राशि समिति के खाते में जमा नहीं कराई। बार-बार निर्देश दिए जाने के बावजूद यह धनराशि जमा नहीं की गई, जिससे समिति को वित्तीय नुकसान उठाना पड़ा।

एसआईटी गठन और दोषियों पर कार्रवाई की मांग…

जिलाध्यक्ष ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित करने की मांग की है। उन्होंने वर्ष 2009-10 से 2024-25 तक खरीदी गई कीटनाशक दवाओं, उनके वितरण, एक्सपायर स्टॉक और भुगतान संबंधी सभी रिकॉर्ड की गहन जांच कराने की आवश्यकता बताई है। संजय राव का कहना है कि, जांच के माध्यम से समिति को हुए वास्तविक आर्थिक नुकसान का आकलन किया जा सकेगा और दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकेगी।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here