विजयनगरम: जिले के विभिन्न मंडलों के किसानों ने खरीफ सीजन से पहले बंद पड़ी चीनी मिलों को दोबारा शुरू करने के लिए सरकार से तत्काल कदम उठाने की मांग की है। किसानों का कहना है कि, चीनी मिलों के बंद होने से गन्ना खेती और उनकी आजीविका दोनों पर गंभीर असर पड़ा है। कुछ वर्ष पहले विभिन्न कारणों से भीमसिंगी, सीतानगरम और अन्य स्थानों पर स्थित प्रमुख चीनी मिलें बंद हो गई थीं। वहीं राजाम के पास संकिली स्थित चीनी मिल में भी पिछले कुछ सीजन से गन्ने की पेराई काफी कम हो गई है, जिससे किसान चिंता में हैं।
इस क्षेत्र के किसान कई दशकों से गन्ने की खेती करते आ रहे हैं। एक समय जिले में लगभग 35,000 एकड़ में गन्ने की खेती होती थी, लेकिन अब यह घटकर केवल 3,500 एकड़ रह गई है। किसानों का कहना है कि, आने वाले खरीफ सीजन में इसमें और गिरावट आ सकती है। लोकसत्ता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भिसेट्टी बाबजी ने एमएसएमई मंत्री कोंडापल्ली श्रीनिवास से जिले की चीनी मिलों को पुनर्जीवित करने के लिए जरूरी कदम उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि, इन मिलों से जामी, बोब्बिली, सीतानगरम और आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में लोगों की रोज़ी-रोटी जुड़ी हुई है। एपी रैतू संघम के सचिव बी. रामबाबू ने भी सरकार से किसानों के हितों की रक्षा करने और जिले में गन्ना खेती को बढ़ावा देने की मांग की। उन्होंने अधिकारियों से किसानों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित कर जिले की चीनी मिलों को फिर से शुरू करने पर चर्चा करने की अपील की।


















