बेलमोपन : फ्यूजेरियम बीमारी और कई प्रकार के कीटों के प्रकोप के कारण पिछले वर्ष उत्तरी चीनी उद्योग को गंभीर संकटग्रस्त घोषित किया गया था। अब 2025-2026 फसल सत्र समाप्त होने में कुछ ही सप्ताह शेष हैं। फिलहाल उत्पादन लक्ष्य स्थिर बने हुए हैं, लेकिन अगले सीजन को लेकर स्थिति चिंताजनक दिखाई दे रही है। शुगर इंडस्ट्री कंट्रोल बोर्ड (एसआईसीबी) के अध्यक्ष मार्कोस ओसोरियो ने चेतावनी दी है कि वैश्विक संकट, बढ़ती उत्पादन लागत और खेतों की समय पर देखभाल न होने के कारण अगले सीजन में उत्पादन में लगभग 15 प्रतिशत तक गिरावट आ सकती है।
उन्होंने कहा कि, किसानों के पास नकदी की भारी कमी है और फेयरट्रेड फंड रखने वाली संस्थाओं से अपील की कि वे किसानों को केवल खेत सफाई ही नहीं, बल्कि पूरी फसल प्रबंधन प्रक्रिया में मदद करें। ओसोरियो ने चिंता जताई कि, यदि उत्पादन घटकर करीब 5 लाख टन तक पहुंच गया तो चीनी मिल का संचालन आर्थिक रूप से संभव नहीं रहेगा।हालांकि, मौजूदा सीजन में गन्ने की आपूर्ति तय कार्यक्रम के अनुसार जारी है और जून के पहले या दूसरे सप्ताह तक 8.5 लाख टन गन्ना उत्पादन का लक्ष्य पूरा होने की उम्मीद है। मौसम अनुकूल रहने से कटाई बेहतर हुई है और गन्ने की गुणवत्ता में भी उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया है।
पिछले सीजन में 8.84 लाख मीट्रिक टन गन्ने से 79 हजार टन चीनी का उत्पादन हुआ था। ओसोरियो के अनुसार इस बार गन्ने की मात्रा कम होने के बावजूद चीनी उत्पादन बेहतर रहने की संभावना है। इसका श्रेय किसानों द्वारा अपनाई गई बेहतर कृषि तकनीकों और फसल प्रबंधन को दिया गया। उन्होंने बताया कि, जिन खेतों में फ्यूजेरियम नियंत्रण पैकेज लागू किया गया, वहां बीमारी अब काफी हद तक नियंत्रण में है। इन क्षेत्रों में प्रति एकड़ उत्पादन में 20 से 25 प्रतिशत तक वृद्धि देखी गई है।
सरकार ने भी उद्योग को राहत देने के लिए कई योजनाएं लागू की हैं। पहली योजना के तहत किसानों को फ्यूजेरियम नियंत्रण सामग्री उपलब्ध कराने के लिए सरकार ने 5 लाख डॉलर की सहायता दी, जिससे 2,150 एकड़ भूमि पर उपचार किया गया। दूसरी योजना में 32 हजार एकड़ से अधिक क्षेत्र में फफूंदनाशक का छिड़काव किया गया, जिस पर सरकार ने 25 लाख बेलीज डॉलर खर्च किए। हालांकि, स्थानीय बाजार में चीनी कीमतों में बढ़ोतरी से किसानों को प्रति टन लगभग 3.18 डॉलर का लाभ मिला है, लेकिन ओसोरियो का कहना है कि यह राहत ज्यादा समय तक टिकने वाली नहीं है। उन्होंने बताया कि जनवरी में कटे खेतों की दोबारा देखभाल नहीं हो सकी है और रैटून फसल की स्थिति खराब होती जा रही है।
सरकार ने रैटून फसल रखरखाव के लिए 1.2 करोड़ डॉलर और विश्व बैंक समर्थित परियोजना के तहत अतिरिक्त 80 लाख डॉलर देने की घोषणा की है, लेकिन खरीद प्रक्रियाओं में देरी के कारण काम धीमा पड़ गया है। स्थिति को अमेरिका-ईरान तनाव के कारण बढ़ती ईंधन और उर्वरक कीमतों ने और गंभीर बना दिया है। डीजल की कीमतों में लगातार वृद्धि से किसानों की लागत बढ़ गई है। वहीं उर्वरकों की कीमतों में भी भारी उछाल आया है।
ओसोरियो ने बताया कि कई किसान कटाई और परिवहन पर प्रति टन 36 से 38 डॉलर तक खर्च कर रहे हैं, जबकि पहली किश्त में उन्हें गन्ने का केवल 42 डॉलर प्रति टन भुगतान मिलता है। ऐसे में किसानों के पास उर्वरक खरीदने और खेतों की देखभाल के लिए लगभग कोई पूंजी नहीं बच रही। उन्होंने नए कीटों और खरपतवारों के बढ़ते खतरे को भी गंभीर बताया। खासकर जॉनसन घास तेजी से फैल रही है, जो दो से तीन वर्षों में भारी नुकसान पहुंचा सकती है और गन्ना उत्पादन को बुरी तरह प्रभावित कर सकती है। मार्कोस ओसोरियो ने कहा कि चीनी उद्योग इस समय बेहद नाजुक मोड़ पर खड़ा है और हालात पिछले साल से भी अधिक खराब हो सकते हैं।


















