दरभंगा: रैयाम एवं सकरी चीनी मिलों के लिए गन्ना उत्पादन बढ़ाने के उद्देश्य से बुधवार को जिला प्रेक्षागृह में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता जिलाधिकारी कौशल कुमार ने की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि 30 हजार एकड़ में गन्ना खेती का लक्ष्य निर्धारित समय के भीतर पूरा किया जाए, ताकि दोनों चीनी मिलों का सुचारु संचालन सुनिश्चित हो सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि गन्ना क्षेत्र विस्तार के लिए संभावित गांवों का शीघ्र चयन किया जाए तथा पंचायत स्तर पर किसानों के साथ नियमित बैठकें आयोजित कर उन्हें गन्ना खेती के आर्थिक लाभ, सरकारी योजनाओं, तकनीकी सहायता और प्रोत्साहन राशि की विस्तृत जानकारी दी जाए। उन्होंने संबंधित सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।
उन्होंने किसानों से अपील की कि वे सीसीएस बिहार पोर्टल पर अपनी डीबीटी आईडी के माध्यम से अनिवार्य रूप से पंजीकरण कराएं, ताकि गन्ना विकास से संबंधित सभी सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर प्राप्त हो सके। कार्यशाला में सहायक निदेशक ईख विकास अजीत कुमार प्रसाद, जिला कृषि पदाधिकारी डॉ. सिद्धार्थ, जिला ईख पदाधिकारी पुष्कर राज, ईख प्रसार पदाधिकारी राहुल देव सहित कृषि एवं सहकारिता विभाग के कई अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में जानकारी दी गई कि रैयाम चीनी मिल के लिए छह तथा सकरी चीनी मिल के लिए 12 प्रखंडों को अभियान में शामिल किया गया है। इन क्षेत्रों में किसानों को गन्ना उत्पादन के लिए प्रोत्साहित करने हेतु विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।जिलाधिकारी ने प्रखंड सहकारिता पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि अधिक से अधिक किसानों का गन्ना किसान के रूप में पंजीकरण कराया जाए तथा उन्हें सहकारी समितियों से जोड़ा जाए। उन्होंने बताया कि गन्ना किसान पंजीकरण की अंतिम तिथि 30 जुलाई निर्धारित की गई है। सभी पात्र किसानों का समयबद्ध पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए।
इसके साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि आवेदन एवं पंजीकरण की प्रक्रिया पोर्टल के माध्यम से सरल, पारदर्शी और निर्धारित समय सीमा में पूरी कराई जाए। अभियान समिति के सदस्य प्रतिदिन गांवों और पंचायतों में बैठक कर किसानों को सरकारी योजनाओं, प्रोत्साहन प्रावधानों और गन्ना उत्पादन से मिलने वाले लाभों की जानकारी देंगे।


















