पटना : बिहार सरकार ने राज्य के गन्ना किसानों को डिजिटल सुविधा प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए प्राथमिक चीनी मिल सहकारी समितियों की सदस्यता के लिए ऑनलाइन पोर्टल शुरू किया है। मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने सकरी (मधुबनी) और रैयाम (दरभंगा) प्राथमिक चीनी मिल सहकारी समितियों के लिए इस ऑनलाइन पोर्टल का शुभारंभ किया। इस पहल के तहत पात्र गन्ना किसान अब घर बैठे ऑनलाइन माध्यम से सहकारी समिति की सदस्यता के लिए आवेदन कर सकेंगे। इससे उन्हें सदस्यता लेने के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से सदस्य बनने वाले किसानों को सहकारी समितियों की विभिन्न सुविधाओं का लाभ मिलेगा। इनमें कृषि आदान-प्रदान सामग्री, तकनीकी मार्गदर्शन, मिट्टी परीक्षण की सुविधा, सरकारी योजनाओं का लाभ तथा चीनी मिलों को आपूर्ति किए गए गन्ने का पारदर्शी भुगतान शामिल है। राज्य सरकार के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य गन्ना किसानों को डिजिटल, पारदर्शी और किसान-हितैषी सेवाएं उपलब्ध कराना है। साथ ही, प्राथमिक चीनी मिल सहकारी समितियों में किसानों की भागीदारी बढ़ाकर सहकारिता आंदोलन को और मजबूत बनाना भी इसका प्रमुख लक्ष्य है।


















