पेट्रोल में 20% एथेनॉल मिश्रण से भारत को हर साल ₹38,000 करोड़ की बचत संभव: पेट्रोलियम मंत्रालय

नई दिल्ली : पेट्रोल में 20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रण (ई20) का कार्यक्रम भारत के कच्चे तेल के आयात बिल में हर साल लगभग 4 अरब डॉलर (करीब ₹38,000 करोड़) की बचत कर सकता है। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने राज्यसभा में यह जानकारी देते हुए कहा कि, एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल (ईबीपी) कार्यक्रम देश की ऊर्जा सुरक्षा और विदेशी मुद्रा बचत के लिए महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है।

राज्यसभा में लिखित उत्तर देते हुए पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने बताया कि “भारत में एथेनॉल मिश्रण के लिए रोडमैप 2020-25” के अनुसार ई20 कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन से देश को प्रतिवर्ष लगभग 4 अरब डॉलर की बचत हो सकती है।मंत्रालय के अनुसार भारत ने वित्त वर्ष 2024-25 में 137 अरब डॉलर और 2025-26 में 122 अरब डॉलर कच्चे तेल की खरीद पर खर्च किए। ऐसे में एथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम आयात निर्भरता कम करने में अहम भूमिका निभा सकता है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

चरणबद्ध और वैज्ञानिक तरीके से लागू हुआ कार्यक्रम

सुरेश गोपी ने कहा कि, ईबीपी कार्यक्रम को नीति आयोग, ऑटोमोबाइल निर्माता कंपनियों, सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों (ओएमसी), ऑटोमोटिव रिसर्च एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एआरएआई), सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (सियाम), इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ पेट्रोलियम (आईआईपी) तथा अन्य तकनीकी संस्थानों के परामर्श से चरणबद्ध और वैज्ञानिक तरीके से लागू किया गया है।

भारत में एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल कार्यक्रम की शुरुआत 2001 में पायलट परियोजना के रूप में हुई थी। वर्तमान में ई15+ मिश्रित पेट्रोल का देशभर में साढ़े तीन वर्ष से अधिक समय से उपयोग हो रहा है, जबकि ई19-ई20 ईंधन ढाई वर्ष से अधिक समय से व्यापक रूप से इस्तेमाल किया जा रहा है। मंत्री ने बताया कि 20 करोड़ से अधिक दोपहिया वाहन और 3 करोड़ से अधिक पेट्रोल कारें इन मिश्रित ईंधनों पर चल रही हैं और ई20 ईंधन के कारण बड़े पैमाने पर इंजन खराब होने या असामान्य घिसावट का कोई प्रमाणित मामला सामने नहीं आया है।

विदेशी मुद्रा बचत और कार्बन उत्सर्जन में कमी

पेट्रोलियम मंत्रालय के अनुसार एथेनॉल आपूर्ति वर्ष (नवंबर से अक्टूबर) 2014-15 से 2025-26 (जून 2026 तक) के दौरान सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों द्वारा किए गए एथेनॉल मिश्रण से ₹1.97 लाख करोड़ से अधिक की विदेशी मुद्रा बचत हुई है। इसके अलावा लगभग 316 लाख टन कच्चे तेल का विकल्प तैयार हुआ और 952 लाख टन कार्बन डाइऑक्साइड (CO₂) उत्सर्जन में कमी दर्ज की गई।

मंत्रालय ने यह भी कहा कि 20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रण के स्तर पर केवल चालू वित्त वर्ष में ही किसानों को लगभग ₹40,000 करोड़ का भुगतान होने और करीब ₹43,000 करोड़ की विदेशी मुद्रा बचत होने का अनुमान है।यह जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल कार्यक्रम को लेकर व्यक्त की गई नकारात्मक प्रतिक्रियाओं के संदर्भ में मंत्रालय द्वारा दिए गए विस्तृत स्पष्टीकरण का हिस्सा है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here