ब्राजील 2026 में लॉन्च करेगा एथेनॉल-हाइब्रिड कारें, 100% इलेक्ट्रिक वाहनों के विकल्प के रूप में पेश होगी नई तकनीक

साओ पाउलो : दुनिया जहां तेजी से पूरी तरह इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) की ओर बढ़ रही है, वहीं ब्राजील ने एक अलग राह चुनी है। देश 2026 से एथेनॉल-ईंधन आधारित फ्लेक्स हाइब्रिड कारों को बड़े पैमाने पर बाजार में उतारने की तैयारी कर रहा है। इस तकनीक में इलेक्ट्रिक मोटर के साथ गन्ने से बने एथेनॉल और पेट्रोल से चलने वाला इंजन होगा, जिससे कम कार्बन उत्सर्जन और बेहतर ईंधन दक्षता हासिल करने का लक्ष्य है। ब्राजील की प्रमुख वाहन निर्माता कंपनियां टोयोटा और स्टेलांटिस इस तकनीक पर बड़ा दांव लगा रही हैं। उनका मानना है कि गन्ने से बनने वाला एथेनॉल पहले से उपलब्ध होने के कारण यह मॉडल देश की जरूरतों के लिए पूरी तरह उपयुक्त है और इसके लिए बड़े पैमाने पर चार्जिंग स्टेशनों के नेटवर्क की भी आवश्यकता नहीं होगी।

कैसे काम करती है फ्लेक्स एथेनॉल हाइब्रिड कार?

ChiniMandi WhatsApp Channel

फ्लेक्स हाइब्रिड वाहन में एथेनॉल और पेट्रोल से चलने वाला आंतरिक दहन इंजन (आईसी इंजन) तथा एक इलेक्ट्रिक मोटर साथ मिलकर काम करते हैं। वाहन ब्रेक लगाने और चलने के दौरान ऊर्जा को पुनः संग्रहित कर अपनी बैटरी स्वयं चार्ज करता है। ऐसे में चालक को कार चार्ज करने के लिए किसी प्लग या चार्जिंग स्टेशन की जरूरत नहीं पड़ती। शहरों में ट्रैफिक या वाहन स्टार्ट होने जैसी स्थितियों में इलेक्ट्रिक मोटर काम करती है, जबकि आवश्यकता पड़ने पर दहन इंजन सक्रिय हो जाता है। इससे ईंधन की बचत के साथ कार्बन उत्सर्जन भी कम होता है।

ब्राजील ने क्यों चुना यह रास्ता?

ब्राजील दुनिया के सबसे बड़े एथेनॉल उत्पादक देशों में शामिल है और वहां लगभग हर पेट्रोल पंप पर एथेनॉल उपलब्ध है। पिछले दो दशकों से देश में फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों का व्यापक उपयोग हो रहा है। ऐसे में पूरी तरह इलेक्ट्रिक वाहनों की तुलना में फ्लेक्स हाइब्रिड मॉडल को अपनाना अधिक व्यावहारिक माना जा रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि, ब्राजील में अभी भी बड़े शहरों के बाहर चार्जिंग स्टेशन सीमित हैं और इलेक्ट्रिक वाहनों की कीमत भी अपेक्षाकृत अधिक है। ऐसे में एथेनॉल-हाइब्रिड तकनीक इन दोनों समस्याओं का समाधान पेश करती है।

टोयोटा के सभी नए मॉडल में होगा फ्लेक्स हाइब्रिड विकल्प…

टोयोटा ने घोषणा की है कि, वर्ष 2026 से ब्राजील में लॉन्च होने वाले उसके सभी नए यात्री वाहन मॉडलों में कम से कम एक फ्लेक्स हाइब्रिड संस्करण उपलब्ध होगा। कोरोला, कोरोला क्रॉस और यारिस क्रॉस जैसे मॉडल पहले ही फ्लेक्स हाइब्रिड तकनीक के साथ उपलब्ध हैं। कंपनी अब कोरोला क्रॉस पर आधारित एक मध्यम आकार की इलेक्ट्रिफाइड पिकअप विकसित करने पर भी काम कर रही है।

स्टेलांटिस भी लाएगी ‘बायो-हाइब्रिड’ तकनीक…

स्टेलांटिस ने भी वर्ष 2026 की पहली छमाही में 48 वोल्ट एमएचईवी (MHEV) आधारित बायो-हाइब्रिड फ्लेक्स सिस्टम लॉन्च करने की घोषणा की है। यह तकनीक पर्नाम्बुको स्थित गोयाना ऑटोमोटिव हब में तैयार की जाएगी। इस प्रणाली में पारंपरिक अल्टरनेटर और स्टार्टर मोटर की जगह एक मल्टी-फंक्शन इलेक्ट्रिक यूनिट लगाई जाएगी, जो इंजन को अतिरिक्त शक्ति देने के साथ 48 वोल्ट की लिथियम-आयन बैटरी को भी चार्ज करेगी। इससे ईंधन की खपत कम होगी और वाहन का प्रदर्शन बेहतर होगा।

32 अरब रियाल का निवेश, 16 नए मॉडल होंगे लॉन्च…

स्टेलांटिस ने दक्षिण अमेरिका में 32 अरब ब्राजीलियाई रियाल के निवेश की घोषणा की है। कंपनी वर्ष 2026 में ब्राजील में 16 नए मॉडल और अपडेटेड वाहन लॉन्च करेगी, जिनमें से 6 मॉडल बायो-हाइब्रिड तकनीक से लैस होंगे। कंपनी के अनुसार, वर्ष 2025 में उसने दक्षिण अमेरिकी बाजार में हल्की हाइब्रिड तकनीक वाले 24,900 से अधिक वाहन बेचे थे।

गन्ने से बनने वाला एथेनॉल बना सबसे बड़ा आधार…

ब्राजील की इस रणनीति की सबसे बड़ी ताकत गन्ने से बनने वाला एथेनॉल है। गन्ना अपनी वृद्धि के दौरान वातावरण से कार्बन डाइऑक्साइड अवशोषित करता है, जिससे एथेनॉल के उपयोग से होने वाले उत्सर्जन की भरपाई काफी हद तक हो जाती है। यही वजह है कि एथेनॉल से चलने वाली हाइब्रिड कारों का कार्बन फुटप्रिंट पारंपरिक पेट्रोल या डीजल वाहनों की तुलना में काफी कम माना जाता है। विशेषज्ञों का मानना है कि, जहां कई देशों में बिजली उत्पादन अब भी जीवाश्म ईंधनों पर निर्भर है, वहीं ब्राजील में इलेक्ट्रिक मोटर और गन्ना आधारित एथेनॉल का संयोजन आज उपलब्ध सबसे स्वच्छ परिवहन विकल्पों में से एक बन सकता है।

वैश्विक बाजार के लिए नया मॉडल बन सकता है ब्राजील…

ऑटोमोबाइल कंपनियों का मानना है कि, एथेनॉल-हाइब्रिड तकनीक भविष्य में उन देशों के लिए भी एक व्यवहारिक विकल्प बन सकती है, जहां एथेनॉल उत्पादन मजबूत है लेकिन चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर अभी विकसित नहीं हुआ है। ऐसे में ब्राजील इस तकनीक को वैश्विक बाजार में निर्यात करने की भी तैयारी कर सकता है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here