स्थानीय गन्ना किसानों की सुरक्षा के लिए चीनी आयात में समय और मात्रा का सावधानीपूर्वक प्रबंधन जरूरी : चीनी मिलर्स

नैरोबी (केन्या) : चीनी मिलर्स ने चीनी आयात से जुड़े फैसलों में घरेलू चीनी उद्योग की अधिक भागीदारी की मांग की है। उनका कहना है कि, स्थानीय उत्पादन और गन्ना किसानों की सुरक्षा के लिए आयात के समय और मात्रा का सावधानीपूर्वक प्रबंधन किया जाना जरूरी है। यह मांग नेशनल असेंबली कमेटी ऑन ट्रेड, इंडस्ट्री एंड कोऑपरेटिव्स के समक्ष रखी गई। केन्या की संसदीय समिति पश्चिमी केन्या की चीनी कंपनियों के निरीक्षण के दौरान मिलर्स से चर्चा कर रही थी। मिलर्स ने सरकार से आग्रह किया कि बाजार में आयातित चीनी को मंजूरी देने और जारी करने से पहले घरेलू चीनी उद्योग से परामर्श किया जाए।

बुटाली शुगर के प्रबंध निदेशक संजय पटेल ने कहा कि, स्थानीय चीनी मिलों को यह तय करने में भूमिका मिलनी चाहिए कि देश में चीनी आयात की जरूरत कब है और कितनी मात्रा में चीनी आयात की जानी चाहिए। पटेल ने स्वीकार किया कि फिलहाल घरेलू उत्पादन केन्या की कुल चीनी मांग को पूरा करने के लिए पर्याप्त नहीं है। हालांकि, उन्होंने कहा कि आयात के लिए एक व्यवस्थित व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि स्थानीय उत्पादकों को निष्पक्ष तरीके से प्रतिस्पर्धा करने का अवसर मिल सके।

ChiniMandi WhatsApp Channel

उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि, एक ही बार में बड़ी मात्रा में आयातित चीनी बाजार में उतारने से घरेलू चीनी मिलों पर दबाव बढ़ सकता है और स्थानीय स्तर पर उत्पादित चीनी की बिक्री प्रभावित हो सकती है। उनके अनुसार, बाजार की जरूरत के आधार पर आयातित चीनी को चरणबद्ध तरीके से बाजार में जारी किया जाना चाहिए। मुमियास शुगर मिल्स में समिति को बताया गया कि, मोम्बासा शुगर रिफाइनरी द्वारा हाल में आयात की गई 7,000 मीट्रिक टन कच्ची चीनी का फैक्ट्री पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है, क्योंकि यह खेप औद्योगिक उपयोग के लिए थी।

मुमियास शुगर के संचालन प्रबंधक स्टीफन किहुंबा ने कहा कि, आयात बाजार में चीनी की कीमतों को स्थिर करने में भूमिका निभा सकता है। हालांकि, उन्होंने भी चीनी आयात के लिए अधिक व्यवस्थित ढांचे की जरूरत पर जोर दिया। इस बीच, केन्याई संसदीय समिति ने माना कि, स्थानीय चीनी गन्ना मिलर्स और क्षेत्र के विशेषज्ञ सरकार से देश में चीनी आयात को नियंत्रित करने के लिए कड़े नियम लागू करने की मांग कर रहे हैं।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here