भारत की ऊर्जा सुरक्षा में अहम भूमिका निभाएगा CBG, उद्योग जगत ने बुनियादी ढांचे और गैस खरीद की चुनौतियां गिनाईं

नई दिल्ली : भारत की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत बनाने और आयातित ईंधन पर निर्भरता कम करने में संपीड़ित बायो-गैस (CBG) की भूमिका लगातार महत्वपूर्ण होती जा रही है। उद्योग जगत के विशेषज्ञों का मानना है कि, स्वदेशी स्तर पर उत्पादित सीबीजी देश के ऊर्जा क्षेत्र को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ स्वच्छ ऊर्जा के लक्ष्य हासिल करने में भी अहम योगदान दे सकती है। हालांकि, इस क्षेत्र के विस्तार के लिए बुनियादी ढांचे और गैस की सुनिश्चित खरीद (ऑफ-टेक) जैसी चुनौतियों का समाधान जरूरी है।

भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) के एक सम्मेलन के दौरान भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) के गैस व्यवसाय प्रमुख राहुल टंडन ने कहा कि, हाल के वर्षों में गैस आपूर्ति को लेकर कई तरह की चुनौतियां सामने आई हैं।ऐसे में सरकार स्वदेशी संपीड़ित बायो-गैस (सीबीजी) को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दे रही है।उन्होंने कहा कि, देश में उत्पादित सीबीजी आयातित गैस का प्रभावी विकल्प बन सकती है, जिससे ऊर्जा सुरक्षा मजबूत होगी और विदेशी ईंधन पर निर्भरता घटेगी। उन्होंने यह भी कहा कि उद्योग, शैक्षणिक संस्थानों, सरकारी मंत्रालयों और नियामक संस्थाओं को मिलकर इस क्षेत्र के विकास के लिए समन्वित प्रयास करने होंगे, ताकि सीबीजी केवल एक नीति तक सीमित न रहकर राष्ट्रीय ऊर्जा मिशन का मजबूत आधार बन सके।

ChiniMandi WhatsApp Channel

वहीं, गेल इंडिया लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक (सीबीजी) सच्चिदानंद यादव ने कहा कि भारत में सीबीजी क्षेत्र के विस्तार की सबसे बड़ी चुनौती उत्पादित गैस की सुनिश्चित खरीद और उसकी आपूर्ति व्यवस्था है। उन्होंने बताया कि, सीबीजी संयंत्रों से गैस को उपभोक्ताओं तक पहुंचाने के लिए पाइपलाइन नेटवर्क का विस्तार आवश्यक है। हालांकि, पाइपलाइन बिछाने की लागत काफी अधिक है और अधिकांश सीबीजी उत्पादकों के पास तेल एवं गैस क्षेत्र की तकनीकी विशेषज्ञता भी नहीं होती। इसलिए इस दिशा में सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (सीजीडी) कंपनियों और सरकार की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।उद्योग से जुड़े विशेषज्ञों का मानना है कि यदि आवश्यक बुनियादी ढांचे का तेजी से विकास किया जाए और गैस खरीद की व्यवस्था मजबूत बनाई जाए, तो सीबीजी क्षेत्र भारत की ऊर्जा सुरक्षा, स्वच्छ परिवहन और हरित ऊर्जा लक्ष्यों को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here