कबीरधाम : क्षेत्र में गन्ने का उत्पादन बढ़ाने और पुरानी किस्म के कारण घटती पैदावार को रोकने के लिए लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल सहकारी शक्कर कारखाना ने नई और उन्नत गन्ना प्रजातियों का विस्तार शुरू किया है। कारखाना प्रबंधन की पहल से करीब 1,000 एकड़ क्षेत्र में नई किस्मों की गन्ना खेती शुरू हो गई है।
पिछले 7-8 वर्षों से क्षेत्र में मुख्य रूप से सीओजी-85 किस्म की ही खेती की जा रही थी। लंबे समय तक एक ही किस्म की खेती होने से बीज पुराना और रोगग्रस्त होने लगा, जिसके कारण गन्ने का उत्पादन लगातार घट रहा था। इस समस्या को देखते हुए मिल प्रबंधन ने किसानों और क्षेत्रीय अधिकारियों को महाराष्ट्र स्थित गन्ना अनुसंधान संस्थानों का दौरा कराया। यहां किसानों को नई और उन्नत गन्ना प्रजातियों की जानकारी दी गई।
इसके बाद मिल ने सीओ-92005, सीओ-86032, वीएसआई सीओ-18121, पीडीएन-15012, पीडीएन-15006 और पीडीएन-13007 जैसी उन्नत प्रजातियों के बीज और पौधे मंगाकर किसानों को वितरित किए। कुल 32 लाख पौधे उपलब्ध कराए गए, जिनके माध्यम से करीब 1,000 एकड़ क्षेत्र में नई किस्मों की खेती शुरू हुई है। मिल के एमडी उत्तर कौशिक ने बताया कि, गन्ने की वैज्ञानिक खेती को बढ़ावा देने के लिए उत्तर प्रदेश के लखनऊ से एसएन सिंह और महाराष्ट्र के सांगली से विनोद माधेकर को बुलाकर किसानों को प्रशिक्षण दिया गया। क्षेत्रीय सहायक भी लगातार खेतों का दौरा कर किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन दे रहे हैं।
मिल प्रबंधन को उम्मीद है कि, नई गन्ना प्रजातियों से इस वर्ष 600 से 700 क्विंटल प्रति एकड़ तक उत्पादन प्राप्त हो सकता है। अगले वर्ष 1 से 2 करोड़ पौधे मंगाकर नई किस्मों का और अधिक विस्तार करने की योजना है।
बारिश के मौसम में किसानों को विशेष सावधानी की सलाह…
विशेषज्ञों ने बारिश के मौसम में गन्ने की फसल की देखभाल को लेकर किसानों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। खेतों में जलभराव रोकने के लिए उचित नाली व्यवस्था करने, समय पर निराई-गुड़ाई करने, पौधों की जड़ों पर मिट्टी चढ़ाने और गन्ने की बंधाई करने की सलाह दी गई है।
इसके साथ ही पोक्का बोइंग, लाल सड़न और माहू-थ्रिप्स जैसे रोगों एवं कीटों की नियमित निगरानी करने को कहा गया है। उर्वरक प्रबंधन के तहत यूरिया को तीन किश्तों में देने और लगातार बारिश के दौरान इसका प्रयोग नहीं करने की सलाह दी गई है। वहीं, डीएपी और एमओपी का उपयोग फसल की शुरुआती अवस्था में ही करने पर जोर दिया गया है।


















