रायपुर: छत्तीसगढ़ में संचालित सहकारी चीनी मिलें गंभीर आर्थिक संकट से गुजर रही हैं। ‘द सूत्र’ में प्रकाशित खबर के अनुसार, किसानों का मिलों पर 83 करोड़ 39 लाख रुपये बकाया बताया जा रहा है, जो लंबे समय से भुगतान नहीं किया गया है। इससे किसानों की आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है और उन्होंने मिल प्रबंधन पर दबाव बढ़ा दिया है। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि 10 दिनों के भीतर भुगतान नहीं किया गया तो वे राज्य की सभी शक्कर मिलों में तालाबंदी कर आंदोलन करेंगे।
इन मिलों को लगातार घाटा हो रहा है, जिससे उनकी वित्तीय स्थिति कमजोर हो गई है। कई मिलें पहले ही बंद होने की कगार पर है। बकाया भुगतान के आंकड़ों के अनुसार, भोरमदेव चीनी मिल ने 25,58,188.87 मीट्रिक टन गन्ना खरीदा, जिसकी कुल कीमत 84.18 करोड़ रुपये रही। इसमें से 57.49 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया, जबकि 26.69 करोड़ रुपये अब भी बकाया हैं। पंडरिया चीनी मिल ने 1,21,721.64 मीट्रिक टन गन्ना खरीदा, जिसकी कीमत 40.05 करोड़ रुपये थी। इसमें से 13.73 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया और 26.32 करोड़ रुपये अभी भी बाकी हैं। केंद्र सरकार के नियमों के अनुसार किसानों को 15 दिनों के भीतर भुगतान करना अनिवार्य है, लेकिन राज्य की कई मिलों में भुगतान महीनों से लंबित है।


















