कबीरधाम : जिले के गन्ना किसानों के लिए अच्छी खबर आई है। शादियों का सीजन और आगामी फसल की तैयारियों के बीच भोरमदेव सहकारी शक्कर उत्पादक कारखाना, राम्हेपुर, कवर्धा ने किसानों को 13.80 करोड़ रुपये का भुगतान जारी किया है। इसके साथ ही चालू पेराई सत्र में किसानों को अब तक कुल 71.29 करोड़ रुपये दिए जा चुके हैं।समय पर भुगतान होने से सहकारी व्यवस्था के प्रति किसानों का भरोसा और मजबूत हुआ है। चालू पेराई मौसम में मिल ने 2,55,818 मीट्रिक टन गन्ने की पेराई करते हुए 3,09,120 क्विंटल चीनी का उत्पादन किया है। यह उपलब्धि किसानों के सहयोग, प्रशासनिक मार्गदर्शन और कारखाने की कुशल कार्यप्रणाली का नतीजा है।
भोरमदेव चीनी मिल किसानों और श्रमिकों के हित में लगातार काम कर रही है। कारखाने द्वारा एफआरपी के अतिरिक्त रिकवरी आधारित भुगतान, सरकारी बोनस का वितरण, रियायती दर पर शक्कर की उपलब्धता, उन्नत बीज और कृषि मार्गदर्शन तथा नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रम जैसी सुविधाएँ दी जा रही हैं। इसके अलावा सामाजिक जिम्मेदारी के तहत किसानों के लिए सर्वसुविधायुक्त बलराम सदन और मात्र 5 रुपये में गरम भोजन की कैंटीन सुविधा भी चलाई जा रही है।
भोरमदेव सहकारी चीनी मिल अब जिले की अर्थव्यवस्था का एक मजबूत स्तंभ बन चुका है।यह किसानों को न्यूनतम मूल्य की गारंटी देने, फसल विविधता को प्रोत्साहित करने, हजारों लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने और सार्वजनिक वितरण प्रणाली के लिए सस्ती दर पर चीनी देने में अहम भूमिका निभा रहा है। समय पर भुगतान, बेहतर प्रबंधन और किसान केंद्रित योजनाओं के चलते यह मिल सहकारी मॉडल की सफलता की एक मिसाल बन गया है, जिससे किसानों की आर्थिक स्थिति सुधरने के साथ-साथ पूरे जिले के विकास को भी गति मिल रही है।


















