बरेली (उत्तर प्रदेश) : धामपुर बायो ऑर्गेनिक्स लिमिटेड की मीरगंज इकाई ने पेराई मौसम 2025-26 के लिए गन्ना मूल्य का शत-प्रतिशत भुगतान पूरा कर दिया है। कंपनी प्रबंधन ने क्षेत्र के किसानों को सूचित किया है कि, इस सत्र से संबंधित अब कोई भुगतान लंबित नहीं है। पेराई सत्र के दौरान इकाई ने कुल 80.19 लाख कुंतल गन्ने की खरीद की थी। मिल का पेराई सत्र 3 मार्च 2026 को समाप्त हुआ, जिसके बाद कंपनी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 16 मार्च 2026 तक खरीदे गए गन्ने का 314.39 करोड़ रुपये का भुगतान सीधे किसानों के बैंक खातों में भेज दिया।
कंपनी प्रबंधन ने कहा कि, यदि किसी किसान को भुगतान या अन्य जानकारी चाहिए, तो वे संबंधित विभाग या कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। किसानों की सुविधा के लिए भूमि उपचार और कीट नियंत्रण से जुड़ी सेवाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। इनमें ट्राइकोडर्मा, हेक्सास्टॉप, नैटजेन और फेरोमोन ट्रैप जैसे उत्पाद शामिल हैं, जो फसल की गुणवत्ता सुधारने और कीट नियंत्रण में सहायक होंगे।समय पर किए गए इस भुगतान से क्षेत्र के किसानों को आर्थिक राहत मिली है और आगामी पेराई मौसम की तैयारियों में उन्हें मदद मिलेगी।


















