नई दिल्ली : भारतीय चीनी एवं जैव-ऊर्जा निर्माता संघ (ISMA) और नेशनल फेडरेशन ऑफ कोऑपरेटिव शुगर फैक्ट्रीज लिमिटेड (NFCSF) ने कहा है कि चीनी की कीमतों में हालिया तेजी का कोई ठोस आधार नहीं है। दोनों प्रमुख चीनी संगठनों के अनुसार, देश में घरेलू खपत की मांग को पूरा करने के लिए चीनी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। थोक बाजार में चीनी की कीमतें बढ़कर ₹44-45 प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई हैं, जिसके बाद सरकार के साथ इस मुद्दे पर बैठक हुई।
चीनी की उपलब्धता को लेकर घबराने की जरूरत नहीं…
सरकार के साथ चर्चा के बाद जारी संयुक्त बयान में ISMA और NFCSF ने सभी हितधारकों को भरोसा दिलाया कि देश में चीनी की आपूर्ति और उपलब्धता पर्याप्त है। संगठनों ने कहा, घरेलू चीनी बाजार में घबराकर खरीदारी करने या सट्टेबाजी आधारित कारोबार का कोई औचित्य नहीं है।” केंद्र सरकार के साथ विचार-विमर्श के दौरान चीनी उद्योग ने 2026-27 के चीनी सत्र की पेराई जल्द से जल्द शुरू करने पर सहमति जताई है। यह निर्णय मौजूदा कृषि-मौसम संबंधी परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए लिया जाएगा। संगठनों के अनुसार, पेराई सत्र की जल्दी शुरुआत से नई चीनी बाजार में जल्द उपलब्ध होगी। इससे घरेलू आपूर्ति और मजबूत होगी, बाजार में विश्वास बढ़ेगा और चीनी की उपलब्धता को लेकर पैदा की जा रही अनावश्यक चिंताएं दूर होंगी।
मांग-आपूर्ति के मूलभूत आधार से समर्थित नहीं है कीमतों में तेजी
ISMA और NFCSF ने कहा कि चीनी की मौजूदा कीमतों में तेजी मांग और आपूर्ति के वास्तविक आंकड़ों से समर्थित नहीं है। संगठनों ने चेतावनी दी कि पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध होने के बावजूद बाजार में कमी का माहौल पैदा करने से अनावश्यक अस्थिरता पैदा हो सकती है। इससे सामान्य व्यापार प्रभावित होने के साथ-साथ उपभोक्ताओं और चीनी पर निर्भर डाउनस्ट्रीम उद्योगों पर भी प्रतिकूल असर पड़ सकता है।
सट्टेबाजी और जमाखोरी से बचने की अपील
दोनों संगठनों ने व्यापारियों, थोक विक्रेताओं, संस्थागत खरीदारों, खुदरा विक्रेताओं और अन्य बाजार प्रतिभागियों से अपील की है कि वे चीनी की उपलब्धता को लेकर सट्टेबाजी आधारित खरीद, जमाखोरी या भ्रामक सूचनाएं फैलाने से बचें। ISMA और NFCSF ने कहा कि इस तरह की गतिविधियां कृत्रिम अनिश्चितता पैदा करती हैं, जो उपभोक्ताओं, किसानों और पूरे चीनी उद्योग के हित में नहीं हैं।
संगठनों ने कहा कि चीनी उद्योग देशभर में लगातार और पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने, सभी क्षेत्रों में समय पर उपलब्धता बनाए रखने और बाजार में स्थिरता कायम रखने के लिए सरकार के साथ मिलकर काम करता रहेगा। उन्होंने भरोसा जताया कि जिम्मेदार व्यापारिक प्रक्रियाओं और सत्यापित सूचनाओं के आधार पर चीनी उपभोक्ताओं को उचित कीमतों पर उपलब्ध कराई जा सकेगी, साथ ही गन्ना किसानों और चीनी मिलों के हितों की भी रक्षा होगी।


















