गन्ना मूल्य पर गतिरोध बरकरार;  प्रति टन 3,900 रुपये पहली किस्त देने का प्रस्ताव किसान संगठनों ने ठुकराया; स्वाभिमानी शेतकरी संगठन ने कल कोल्हापुर, सांगली और सतारा बंद का किया आह्वान

कोल्हापुर: गन्ने के उचित मूल्य को लेकर चीनी मिल मालिकों और किसान संगठनों के बीच जारी गतिरोध खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार को कोल्हापुर जिलाधिकारी कार्यालय में आयोजित बैठक एक बार फिर बेनतीजा रही। चीनी मिल मालिकों की ओर से 3,900 रुपये प्रति टन पहली किस्त और पेराई सीजन समाप्त होने के बाद अतिरिक्त 100 रुपये देने का प्रस्ताव रखा गया। हालांकि, स्वाभिमानी शेतकरी संगठन सहित अन्य किसान संगठनों के प्रतिनिधियों ने इस प्रस्ताव को सिरे से खारिज कर दिया। किसान संगठन बिना किसी कटौती के 4,000 रुपये प्रति टन पहली किस्त और सीजन समाप्त होने के बाद अतिरिक्त 200 रुपये देने की मांग पर अड़े रहे। दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बनने के कारण महज 100 रुपये के अंतर पर बैठक फिर विफल हो गई।

बैठक में मंत्री हसन मुश्रीफ ने चीनी मिल मालिकों की ओर से प्रस्ताव पेश किया। इसके अनुसार, गन्ना उत्पादकों को 3,900 रुपये प्रति टन पहली किस्त दी जाएगी और पेराई सीजन समाप्त होने के बाद अतिरिक्त 100 रुपये का भुगतान किया जाएगा। इसके अलावा, यदि पूरे चीनी वर्ष के दौरान चीनी की बिक्री 4,500 रुपये प्रति क्विंटल के भाव से होती है, तो किसानों को 200 रुपये प्रति टन अतिरिक्त देने की बात कही गई । इतना ही नहीं भविष्य में यदि चीनी की बिक्री इससे भी अधिक कीमत पर होती है, तो दोबारा बैठक आयोजित कर किसानों को अतिरिक्त भुगतान करने पर विचार किया जाएगा।

ChiniMandi WhatsApp Channel

हालांकि, किसान संगठनों के प्रतिनिधियों ने मिल मालिकों के इस प्रस्ताव को स्वीकार करने से इनकार कर दिया। उनका कहना है कि, मौजूदा समय में चीनी के बाजार भाव काफी ऊंचे हैं और इसका सीधा लाभ चीनी मिलों को मिल रहा है। ऐसे में किसानों को उनके गन्ने का उचित मूल्य मिलना चाहिए। संगठनों ने स्पष्ट किया कि, पहली किस्त बिना किसी कटौती के 4,000 रुपये प्रति टन होनी चाहिए और पेराई सीजन समाप्त होने के बाद अतिरिक्त 200 रुपये का भुगतान किया जाना चाहिए। अपनी मांगों से पीछे हटने को तैयार नहीं होने के कारण किसान प्रतिनिधियों और मिल मालिकों के बीच सहमति नहीं बन सकी।

बैठक विफल होने के बाद पश्चिम महाराष्ट्र में गन्ना मूल्य आंदोलन और तेज होने की आशंका जताई जा रही है। स्वाभिमानी शेतकरी संगठन ने इस मुद्दे पर आक्रामक रुख अपनाते हुए शुक्रवार को कोल्हापुर, सांगली और सतारा जिलों में बंद का आह्वान किया है। इससे क्षेत्र में आंदोलन को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने की संभावना है।

इस संबंध में ‘चीनीमंडी’ से बातचीत करते हुए स्वाभिमानी शेतकरी संगठन के नेता और पूर्व सांसद राजू शेट्टी ने कहा, हम किसानों के हक का पैसा मांग रहे हैं। बाजार में चीनी के दाम आसमान छू रहे हैं। इससे चीनी मिल मालिकों को अच्छी आमदनी होने वाली है। ऐसे में उस आमदनी में किसानों को उनका अधिकारपूर्ण हिस्सा मिलना चाहिए। हमारी मांग पूरी तरह जायज है। गन्ना उत्पादन के लिए किसानों को काफी खर्च करना पड़ता है। इसलिए उन्हें उनकी मेहनत का उचित मूल्य मिलना जरूरी है।”वहीं, शिवसेना शेतकरी सेना के प्रदेश अध्यक्ष प्रो. जालंदर पाटिल ने भी मिल मालिकों से किसान संगठनों की मांग स्वीकार करने की अपील की। उन्होंने कहा, “वर्तमान में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में चीनी के दाम काफी बढ़े हुए हैं। आने वाले समय में भी इन कीमतों में गिरावट की संभावना नहीं दिखाई दे रही है। ऐसी स्थिति में चीनी मिल मालिकों को किसानों की मांग स्वीकार करनी चाहिए थी। किसानों को उचित मूल्य देना मिल मालिकों की जिम्मेदारी है।

“फिलहाल, बातचीत के जरिए गन्ना मूल्य विवाद सुलझाने की कोशिश एक बार फिर नाकाम हो गई है। दोनों पक्ष अपनी-अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं। ऐसे में शुक्रवार को प्रस्तावित बंद को मिलने वाला समर्थन और उसके बाद होने वाली घटनाएं पश्चिम महाराष्ट्र में गन्ना मूल्य आंदोलन की अगली दिशा तय करेंगी।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here